Viral Video: जमुई में बच्चों से भरी बोट तालाब में पलटी? प्रशासन की लापरवाही से जा सकती थी दर्जनों जानें
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 14 Feb 2023 1:24 PM
Viral Video: जमुई में बच्चों से भरी बोट तालाब में पलट गयी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन पर यह बोट लाइ गयी थी. उनके लौटते ही प्रशासन भी सुस्त हो गया और ये चूक महंगी पड़ सकती थी. बोट पलटने के बाद बच्चे तालाब में कूद गए.
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की समाधान यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. सीएम सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं. बीते 11 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में जमुई जिला पहुंचे थे. जहां उन्होंने इंदपै पंचायत के मरकट्टा गांव में अमृत सरोवर का उद्घाटन किया था. लेकिन मुख्यमंत्री के जाते ही अमृत सरोवर में बच्चों से भरी एक नाव पलट गई और यह सब जिला प्रशासन के सामने ही हुआ.
हादसा इतना बड़ा था कि नाव में सवार 20 से भी अधिक बच्चे तालाब में गिर गए. हालांकि गनीमत यह रही कि नाव किनारे से काफी दूर नहीं गई थी, जिस कारण सभी बच्चे तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला 11 फरवरी का ही है, जब दोपहर बाद 3:30 बजे के करीब मुख्यमंत्री का काफिला मरकट्टा से निकलकर जमुई समाहरणालय पहुंचा. सीएम के जाते ही वहां मौजूद पदाधिकारी भी एक-एक कर खिसकने लगे.
बता दें कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अमृत सरोवर में प्रदर्शनी के लिए बोट लगाई गई थी. लेकिन उसकी सुरक्षा का कोई भी इंतजाम नहीं किया गया था. नतीजतन वहां मौजूद बच्चों की भीड़ बोट में चढ़ने लगी तथा एक के बाद एक 20 से भी अधिक बच्चे उस छोटी सी नाव में चढ़ गए.
बिहार के जमुई में मुख्यमंत्री के लौटते ही बोट से खेलने लगे बच्चे. बोट पलटी. बड़ा हादसा टला. प्रशासन की बड़ी चूक#Bihar #BiharNews pic.twitter.com/ldLc6IE0Dx
— Thakur Shaktilochan shandilya (@Ershaktilochan) February 14, 2023
Also Read: Bihar: देशी कट्टे लेकर इंटरसिटी में सफर कर रहे थे बदमाश, बड़ी साजिश की थी तैयारी, लेकिन…
बच्चों के चढ़ने के तुरंत बाद ही बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में पलट गया. जिसके बाद सभी बच्चे पानी में गिर गए. वहीं बड़े हादसे की आशंका को लेकर कई लोग बच्चों की तरफ दौड़कर आते भी वीडियो में दिख रहे हैं.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर यह घटना चर्चा का विषय बना हुआ है. कई तरह के सवाल भी ये घटना पैदा कर रही है. आखिर अगर कोई बड़ा हादसा हो जाता तब इसका जिम्मेवार कौन होता. आखिर इस तरह बोट को क्यों वहां लावारिश छोड़ा गया.
वहीं डीडीसी शशि शेखर चौधरी ने इसे छोटी घटना करार दे दिया. उन्होंने कहा कि जानकारी ऐसी मिली है और कुछ बच्चे बोटिंग करने लगे और बोट पलट गयी. कोई बड़ी घटना ये नहीं थी लेकिन आगे से इसे लेकर ख्याल रखा जाएगा. एक कर्मी की तैनाती रहेगी व क्षमता के अनुसार ही लोग बोट में सवार किए जाएंगे.
(जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट)
Posted By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










