ePaper

बाढ़ से सुरक्षा को लेकर अकबर से मांगे थे घोड़े और सेना, जानिये इतिहास में कैसी रही है पटना की बाढ़

Updated at : 14 Aug 2021 9:48 AM (IST)
विज्ञापन
बाढ़ से सुरक्षा को लेकर अकबर से मांगे थे घोड़े और सेना, जानिये इतिहास में कैसी रही है पटना की बाढ़

गंगा किनारे बसे पटना और बाढ़ के रिश्ते की पड़ताल करने को इतिहास में जाएं, तो कई रोचक किस्से मिलेंगे. बाढ़ और शत्रुओं से बचाव के लिए मगध नरेश बिंबिसार के पुत्र अजातशत्रु ने गंगा और सोन के संगम पर ईसा पूर्व 480 में अपने मंत्री सुनीथ और वर्षकार को भेजकर किला बनवाया था.

विज्ञापन

सुबोध कुमार नंदन . गंगा किनारे बसे पटना और बाढ़ के रिश्ते की पड़ताल करने को इतिहास में जाएं, तो कई रोचक किस्से मिलेंगे. बाढ़ और शत्रुओं से बचाव के लिए मगध नरेश बिंबिसार के पुत्र अजातशत्रु ने गंगा और सोन के संगम पर ईसा पूर्व 480 में अपने मंत्री सुनीथ और वर्षकार को भेजकर किला बनवाया था.

अजातशत्रु के पुत्र उदयन ने पाटलिपुत्र नगर का निर्माण करके उसे अपनी राजधानी बनाया, लेकिन ईस्वी सन 750 में गंगा और सोन की भीषण बाढ़ के कारण प्राचीन पाटलिपुत्र का अधिकांश भाग नष्ट हो गया था. गंगा की सहायक नदी सोन और पुनपुन के कारण ऐसा हुआ था.

इतिहासकार और पुराविद अरविंद महाजन ने बताया कि अकबर के शासनकाल के दौरान पटना में वर्ष 1576 में भयंकर बाढ़ आयी थी. बिहार का गर्वनर मुनीम खां था. बाढ़ से सुरक्षा के लिए उसने अकबर से घोड़े और सेना की मांग की थी.

तब भी भारी बारिश में डूबा था पटना

पटना डिस्ट्रिक्ट गजेटियर के अनुसार वर्ष 1843, 1861, 1870, 1879, 1897 और 1901 में भी भारी बारिश के कारण पटना डूब गया था. गजेटियर में 1897 और 1901 की बाढ़ का खास तौर पर जिक्र किया गया है.

1901 की बाढ़ भारी बारिश और गंगा में बढ़े जल स्तर के चलते आयी थी. वर्ष 1967 और 1975 की बाढ़ की खूब चर्चा होती है. वर्ष 1967 में पुनपुन नदी से कंकड़बाग तथा रेलवे लाइन के दक्षिण के पूरे क्षेत्र में बाढ़ आयी. पुनपुन पर बांध बना और इस ओर से बाढ़ का खतरा कम हुआ.

1975 की बाढ़ में डूब गया था गांधी मैदान

1975 में आयी बाढ़ को जिसने देखा है वह इसकी विभीषिका से अवगत है. गांधी मैदान में लगभग छह फुट पानी लग गया था और वह पूरी तरह डूब गया था. सचिवालय तथा सरकारी भवन के निचले मंजिल पानी में डूब गये थे.

अरविंद महाजन ने बताया कि जैन ग्रंथ तीत्योगलि पण्णइ के अनुसार 570 से 575 के मध्य भाद्रपद में पाटलिपुत्र में आयी विनाशकारी बाढ़ की जानकारी मिलती है. 17 दिन और 17 रात लगातार बारिश होने के कारण गंगा का जल स्तर सोन के बराबर हो गया. सोन के पानी से पाटलिपुत्र शहर डूब गया था.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन