दो बाइकों की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

एआइ से बनायी गयी तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर में दो बाइकों की भीषण टक्कर से एक भाई की मौत और दूसरे के गंभीर घायल होने की खबर है. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए सड़क जाम कर दिया. पूरी जानकारी पढ़ें.

विज्ञापन

Road accident in Hajipur : बिदुपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग स्थित कुतुबपुर चेचर चौक के पास सोमवार की देर रात दो बाइकों की जबरदस्त टक्कर हो गयी. हादसे में एक बाइक पर सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गये. मौके पर जुटे लोगों की सूचना पर बिदुपुर थाना की पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गयी. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान चेचर गांव निवासी उमेश पासवान के 30 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. वहीं उसका भाई छोटू कुमार गंभीर रूप से घायल है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

विज्ञापन

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे दोनों भाई

स्थानीय लोगों के अनुसार सोनू कुमार और उसका भाई छोटू कुमार चकौसन चौक पर फल और सब्जी की दुकान चलाते थे. सोमवार की देर रात दोनों भाई दुकान बंद कर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चेचर चौक के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गये.

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सोनू कुमार को मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसा देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम तत्काल नहीं हो सका. मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गये. लोगों ने शव को घटनास्थल के पास रखकर हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया.

ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े थे. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर बिदुपुर बीडीओ मनीष भारद्वाज से फोन पर बातचीत हुई. बीडीओ की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हुए. इसके बाद ग्रामीण शव को सड़क से हटाकर अपने साथ ले गये और यातायात बहाल हुआ.

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि चेचर चौक के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. घटना के बाद लोगों ने थोड़ी देर के लिए सड़क जाम किया था, जिसे समझा-बुझाकर हटवा दिया गया. उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन