दो चेन स्नेचर को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, चोरी के जितिया बरामद, पुलिस कर रही पूछताछ
चैन स्नेकर का फोटो | Prabhat Khabar Network
राजापाकर में ग्रामीणों ने दो चैन स्नेचरों को पकड़कर पेड़ से बांधा और जमकर पिटाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
Hajipur Crime News : वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के रामचंद्र चौक पर रविवार को ग्रामीणों ने दो कथित चेन स्नेचरों को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने दोनों को शीशम के पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और थाने ले गयी. पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
रास्ता पूछने के बहाने महिला से छीने थे जितिया
मिली जानकारी के अनुसार, चार सितंबर को बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने रामचंद्र चौक के समीप रहने वाले अशोक पंडित की पत्नी सरोज देवी के गले से सोने के दो जितिया छीन लिये थे. बताया गया कि दोनों युवकों ने पहले महिला से बेलकुंडा जाने का रास्ता पूछा. इसके बाद मौका पाकर उसके गले से दोनों जितिया छीनकर बाइक से फरार हो गये.
महिला ने बाइक सवार युवकों को पहचान लिया
रविवार की दोपहर संयोग से सरोज देवी ने उन्हीं दोनों युवकों को पल्सर बाइक से उसी रास्ते से गुजरते देखा. महिला ने दोनों को पहचान लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया. इसके बाद आसपास के ग्रामीण जुट गये और दोनों युवकों को बाइक समेत पकड़ लिया. ग्रामीणों ने दोनों को रामचंद्र चौक पर शीशम के पेड़ से बांध दिया और पूछताछ शुरू कर दी. इस दौरान ग्रामीणों की सख्ती से पूछताछ में एक आरोपित ने महिला के जितिया छीनने की बात स्वीकार की.
पांच हजार रुपये में दुकानदार को बेचे थे जितिया
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि महिला से छीने गये दोनों जितिया रानी पोखर चौक स्थित एक सोना-चांदी दुकानदार के हाथों पांच हजार रुपये में बेच दिये थे. इसके बाद गांव के पांच लोग बताए गये पते पर उक्त दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से बातचीत की. बताया गया कि पूछताछ के दौरान दुकानदार ने भी जितिया खरीदने की बात स्वीकार की और महिला के दोनों जितिया वापस कर दिये.
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर दोनों को थाने पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने 112 की टीम को मौके पर भेजा. पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को भीड़ से छुड़ाकर वाहन में बैठाया और थाने ले गयी. मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी थी. पुलिस के पहुंचने से स्थिति नियंत्रित हो सकी.
दोनों आरोपितों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, पकड़े गये आरोपितों में विजय कुमार, पंचायत रामपुर रचनाकार उर्फ सरसई, धर्मपुर, वार्ड संख्या 12 निवासी बताया गया है. दूसरे आरोपित की पहचान इसी गांव के धर्मपुर वार्ड संख्या 12 निवासी करण कुमार के रूप में बतायी गयी है. पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए