हाजीपुर में तीन हजार लीटर देसी शराब लदी पिकअप पलटी, चालक समेत तस्कर फरार
शराब लदी जब्त वैन | Prabhat Khabar Network
महुआ थाना क्षेत्र में पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. एक पिकअप वैन से 3060 लीटर देसी शराब बरामद की गई है. पुलिस की घेराबंदी से बचने के प्रयास में पिकअप पलट गई, जिससे चालक और अन्य तस्कर फरार हो गए.
Liquor seized in Hajipur : महुआ थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शाहपुर चकुंबर गांव के जगदीश चौक के समीप पुलिस ने भारी मात्रा में देसी शराब लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है. वाहन से करीब 3060 लीटर देसी शराब बरामद की गयी है. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक समेत पिकअप पर सवार अन्य तस्कर वाहन पलटने के बाद मौके से फरार हो गये. पुलिस ने शराब और पिकअप वैन को जब्त कर लिया है तथा फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, एएलटीएफ पटना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन पर भारी मात्रा में देसी शराब लादकर तस्कर महुआ थाना क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं. सूचना मिलते ही एएलटीएफ पटना की टीम ने महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद से संपर्क किया. इसके बाद महुआ थाना पुलिस और एएलटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी.
पुलिस को देखते ही भागने लगा चालक
पुलिस टीम ने शाहपुर चकुंबर गांव के जगदीश चौक के पास शराब लदी पिकअप वैन को देख लिया. पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान पिकअप वैन अनियंत्रित होकर अचानक पलट गयी. वाहन के पलटते ही चालक और उस पर सवार अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गये. पुलिसकर्मियों ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई. बरामद शराब की मात्रा करीब 3060 लीटर बतायी गयी है.
बिना नंबर की पिकअप से हो रही थी तस्करी
पुलिस ने पिकअप वैन और उसमें लदी शराब को जब्त कर महुआ थाना पहुंचाया. पुलिस के अनुसार जब्त पिकअप वैन बिना नंबर की है. पुलिस अब वाहन के मालिक और शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.
शराब कहां से आयी, कहां पहुंचनी थी जांच जारी
थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लायी गयी थी और इसे महुआ क्षेत्र में कहां पहुंचाया जाना था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए