हाजीपुर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के घर फायरिंग, बेडरूम की दीवार तक पहुंचीं गोलियां, दस खोखा बरामद
फॉरेंसिक की टीम जांच करती हुई | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में भाजयुमो जिलाध्यक्ष के घर पर बाइक सवार अपराधियों ने देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोलियां बेडरूम की दीवार तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने 10 खोखे बरामद किए हैं और जांच तेज कर दी है.
Hajipur Crime News : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर मोहल्ले में शनिवार की देर रात बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने जिला दक्षिणी के भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अपराधियों ने मुख्य गेट से लेकर घर के अंदर बेडरूम की दीवार तक गोलियां चलायीं. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखे बरामद किये हैं. घर की दीवारों पर एक दर्जन से अधिक गोलियों के निशान मिले हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
एसएसपी ने खुद घटनास्थल का लिया जायजा
सत्ताधारी दल से जुड़े नेता के घर पर फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले का स्वत: संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी. घटना के तुरंत बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जायजा लिया. पुलिस आसपास के घरों और भाजपा नेता के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
एसआइटी में डीआइयू को भी किया गया शामिल
घटना के उद्भेदन के लिए एसएसपी ने वरीय अधिकारी के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की है. टीम में डीआइयू को भी शामिल किया गया है. पुलिस अपराधियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद अपराधियों के आने और वापस जाने वाले रास्ते से फिलहाल कोई स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है. आशंका है कि अपराधियों ने कैमरों की निगरानी से बाहर के रास्ते का इस्तेमाल किया या चेहरे ढक रखे थे.
भाजपा नेता के घर पर सशस्त्र बल तैनात
फायरिंग की घटना के बाद राजीव ब्रह्मर्षि के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. घर पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गयी है. 12-12 घंटे की दो शिफ्टों में प्रत्येक शिफ्ट में सैप के दो हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया है. घटनास्थल के आसपास पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गयी है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य
रविवार को वरीय अधिकारी की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया. टीम ने घर के अंदर और बाहर से कारतूस के खोखे, फिंगर प्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्रित किये. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
पहले भी दो बार हो चुका है जानलेवा हमला
स्थानीय लोगों के अनुसार राजीव ब्रह्मर्षि पर पहले भी दो बार जानलेवा हमला हो चुका है. करीब सात-आठ वर्ष पहले उनके घर के पास स्थित कार्यालय के समीप अपराधियों ने उन पर गोली चलायी थी. इस घटना में वह बाल-बाल बच गये थे.
इसके बाद 13 फरवरी 2020 को नगर थाना क्षेत्र के हथसारगंज मोहल्ले में साइबर कैफे से बाहर निकलने के दौरान भी उन पर हमला हुआ था. उस दौरान हुए जोरदार धमाके में भी वह सुरक्षित बच गये थे.
पुरानी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच
लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए पुलिस पुरानी रंजिश, राजनीतिक वर्चस्व, रंगदारी और अन्य विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे किसका हाथ है और अपराधियों का मुख्य निशाना क्या था.
अपराधी देर रात घर के सामने आए और गोली चला दी
राजीव ब्रह्मर्षि ने बताया कि शनिवार की देर रात बाइक सवार दो अपराधी उनके घर के सामने पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि अपराधियों का मकसद उनकी हत्या करना था. गोलियां इतनी करीब से चलायी गयीं कि बेडरूम तक पहुंच गयीं. उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका किसी से सीधा विवाद नहीं है और उन्हें किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत रूप से शक भी नहीं है. पुलिस अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए