हाजीपुर: पातेपुर में बहुआरा-सुक्की सड़क का चौड़ीकरण टला, अब सिर्फ होगी रिपेयरिंग

Updated:
विज्ञापन

पातेपुर बाजार स्थित जर्जर सड़क | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर के बहुआरा-सुक्की मार्ग के चौड़ीकरण की योजना लटक गई है। विभागीय पेंच के कारण अब आरसीडी केवल सड़क की मरम्मत कराएगी, जिससे स्थानीय लोगों में मायूसी है।

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर के पातेपुर प्रखंड मुख्यालय से अस्पताल, थाना और पोस्टऑफिस होते हुए बहुआरा चौक स्थित एसएच-49 से जोड़ने वाली बहुआरा-सुक्की सड़क का चौड़ीकरण अब नहीं होगा. ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग में स्थानांतरित होने के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि सड़क का जल्द चौड़ीकरण होगा, लेकिन विभागीय पेंच के कारण चौड़ीकरण की योजना फिलहाल टल गयी है. अब पथ निर्माण विभाग इस सड़क की केवल रिपेयरिंग करायेगा. इसके लिए विभाग ने री-टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

विज्ञापन

सड़क चौड़ीकरण का काम स्थगित होने से पातेपुर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को झटका लगा है. इसे लेकर स्थानीय लोगों में मायूसी है.

सिंगल लेन सड़क से आए दिन लगता है जाम

बहुआरा शिव मंदिर चौक से भगवानपुर खजुरी, पस्तारा, इमादपुर होते हुए यह सड़क पातेपुर पोस्टऑफिस, सीएचसी और थाना से होकर बाजार के रास्ते सुक्की तक जाती है. पातेपुर बाजार से एसएच-49 को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क सिंगल लेन की है. इसके कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क इतनी संकरी है कि दो वाहनों के आमने-सामने आने पर दोनों का आसानी से निकलना मुश्किल हो जाता है. ट्रक या बस के सामने से आने पर साइकिल और बाइक सवारों को सड़क किनारे उतरना पड़ता है. कई जगह सड़क के किनारे गड्ढे होने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

कई जगह सड़क की हालत जर्जर

बहुआरा चौक से टेकनारी के बीच कई स्थानों पर सड़क की स्थिति जर्जर है. बाजार स्थित व्यापार मंडल कार्यालय के पास तथा ट्रांसफार्मर चौक से अस्पताल जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गये हैं. इन गड्ढों के कारण आए दिन ई-रिक्शा पलटने और बाइक सवारों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं.

जर्जर सड़क के कारण अस्पताल से रेफर किये गये प्रसव के मरीजों को सदर अस्पताल ले जाने में परिजनों के साथ एंबुलेंस चालकों को भी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों को देखकर यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क.

सड़क की मरम्मत को लेकर विभागों में खींचतान

सड़क पर बने गड्ढों को भरने को लेकर नगर पंचायत प्रशासन और पथ निर्माण विभाग के बीच भी खींचतान की स्थिति बनी हुई है. बरसात के दौरान बाजार स्थित व्यापार मंडल कार्यालय और अस्पताल जाने वाली सड़क पर जलजमाव हो गया था. गड्ढों को भरने के लिए राबिश गिराया गया था, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन सुगम हुआ.

वहीं श्रीराम जानकी मठ में आयोजित झूलनोत्सव कार्यक्रम में मंत्रियों और जिलाधिकारी के आगमन को लेकर पथ निर्माण विभाग ने दो ट्रेलर राबिश गिराकर सड़क को चलने लायक बनाने का दावा किया है. इसको लेकर दोनों विभागों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति बनी हुई है.

स्थानीय लोगों ने सड़क की बार-बार मरम्मत के नाम पर सरकारी राशि खर्च किये जाने पर भी सवाल उठाया है. लोगों का आरोप है कि स्थायी समाधान के बजाय रिपेयरिंग के नाम पर खर्च किया जा रहा है.

चौड़ीकरण के बजाय सिर्फ रिपेयरिंग होगी

पथ निर्माण विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि बहुआरा-सुक्की मार्ग पहले ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन था. काफी पहले इसे आरसीडी को स्थानांतरित किया जा चुका है. सड़क के चौड़ीकरण के लिए पहले टेंडर निकाला गया था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उसे रद्द कर दिया गया.

उन्होंने बताया कि दोबारा री-टेंडर के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है. फिलहाल सड़क का चौड़ीकरण नहीं होगा. जहां-जहां सड़क खराब है, वहां सिर्फ रिपेयरिंग करायी जाएगी.

चौड़ीकरण की घोषणा से उम्मीद, अब मायूसी

स्थानीय लोगों ने बताया कि पातेपुर के तत्कालीन विधायक लखेंद्र पासवान ने बहुआरा से सुक्की तक सड़क के चौड़ीकरण का मुद्दा विधानसभा में उठाया था. कई जगह सभाओं में भी सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति होने और जल्द काम शुरू कराने की घोषणा की गयी थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन