वैशाली के लालगंज लाइन होटल में गोलीबारी, युवक के पैर में लगी गोली; 3 खोखे बरामद
फोटो
वैशाली के लाल गंज थाना क्षेत्र में एक लाइन होटल में ग्राहकों के बीच हुए विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई. इस घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Vaishali Crime News: लालगंज थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव के समीप बेदौली चौक स्थित एक लाइन होटल में गुरुवार की रात ग्राहकों के बीच विवाद के बाद गोलीबारी की घटना हुई. इस दौरान एक युवक के बाएं पैर में गोली लग गयी. घायल की पहचान सरारिया पंचायत के जफराबाद गांव निवासी वैदेही कुमार के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की है. बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह लाइन होटल में कुछ ग्राहक खाना खा रहे थे. इसी दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कथित तौर पर एक पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग की गयी. गोलीबारी होते ही होटल में अफरा-तफरी मच गयी और वहां मौजूद ग्राहक व कारीगर इधर-उधर भागने लगे.
होटल संचालक को जबरन ले जाने का आरोप
घटना के बाद कुछ लोगों ने होटल संचालक राजा कुमार को कथित तौर पर स्कॉर्पियो में बैठा लिया और सुनसान पोखर की ओर ले गये. संचालक के अनुसार, वहां दूसरे पक्ष के लोगों की पहचान और नाम बताने का दबाव बनाया गया. इसी दौरान पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गये.
कई थानों की पुलिस पहुंची, तीन खोखे बरामद
गोलीबारी की सूचना मिलते ही लालगंज थाने की पुलिस के साथ आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल और ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने होटल संचालक से पूछताछ की और घटनास्थल की जांच की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर छानबीन शुरू की गयी है. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किये हैं. अधिकारियों के अनुसार गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

20 की संख्या में पहुंचे थे लोग : होटल संचालक
होटल संचालक राजा कुमार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे स्कॉर्पियो और स्विफ्ट डिजायर से करीब 20 लोग होटल पर पहुंचे थे. पहले से खाना खा रहे एक ग्राहक से उनका विवाद हो गया. इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गयी. दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के बाद पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही सभी लोग वहां से भाग गये.
आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल और लालगंज थानाध्यक्ष सुभाष प्रसाद ने बताया कि बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह लाइन होटल में गोलीबारी की घटना हुई है. घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किये गये हैं. फिलहाल होटल संचालक या घायल युवक की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए