वैशाली में पोखर में डूबने से 12 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था मासूम
सांकेतिक तस्वीर
Hajipur News: वैशाली के बेलसर थाना क्षेत्र के साइन गांव में दोस्तों के साथ पोखर में नहाने गए 12 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Hajipur News: बेलसर थाना क्षेत्र के साइन गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
दोस्तों के साथ नहाने गया था नीरज
मृतक की पहचान साइन गांव निवासी विद्या महतो के 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है. वह स्थानीय विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था. जानकारी के अनुसार, नीरज बुधवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ साइन चौक के पास स्थित एक निजी पोखर में स्नान करने गया था.
गहरे पानी में जाने से डूबा
बताया जाता है कि नीरज को तैरना नहीं आता था. नहाने के दौरान वह अनजाने में पोखर के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद बच्चों को पहले लगा कि वह पानी में खेल रहा है. काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर बच्चों ने शोर मचाया.
ग्रामीणों ने निकाला, लेकिन नहीं बच सकी जान
बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखर में उसकी तलाश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद नीरज को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
गांव में पसरा मातम
मासूम बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मां का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में बच्चे अक्सर इस पोखर में स्नान करने आते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए