राघोपुर में बाढ़ का कहर जारी, गंगा के जलस्तर स्थिर होने के बाद भी राहत नहीं
जुड़ावनपुर थाना परिसर में घुसा गंगा नदी का पानी | Prabhat Khabar Network
राघोपुर में गंगा का जलस्तर स्थिर होने के बाद भी बाढ़ का संकट बरकरार है। कई गांवों और थानों में पानी घुसने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
Flood in Raghopur : राघोपुर में गंगा नदी का जलस्तर मंगलवार को स्थिर रहा, लेकिन राघोपुर दियारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है. कई पंचायतों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. जुड़ावनपुर थाना परिसर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे पुलिसकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
कई पंचायतों में फैल चुका है बाढ़ का पानी
प्रखंड के चकसिंगार, वीरपुर, जुड़ावनपुर बरारी, जुड़ावनपुर करारी, फतेहपुर, रामपुर, जफराबाद, जहांगीरपुर और शिवनगर समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. जुड़ावनपुर में मोबाइल टावर का निचला हिस्सा पानी में डूब गया है. वहीं जुड़ावनपुर बरारी स्थित बिंदा चौक तक भी बाढ़ का पानी पहुंच चुका है.
मुख्य सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी
बाढ़ के कारण राघोपुर की लाइफलाइन कही जाने वाली कई सड़कें जलमग्न हो गयी हैं. सिक्स लेन पुल से जहांगीरपुर-जफराबाद जाने वाली सड़क और जुड़ावनपुर से चकसिंगार जाने वाली सड़क पर करीब दो से तीन फीट पानी बह रहा है. इन मार्गों पर आवागमन लगभग ठप हो गया है.
ग्रामीणों को अब आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है. प्रशासन की ओर से भी प्रभावित इलाकों में नावों का परिचालन कराया जा रहा है.
नाव से पंचायतों का जायजा ले रहे अधिकारी
सोमवार को अंचलाधिकारी ने नाव से जुड़ावनपुर बरारी, चकसिंगार और वीरपुर पंचायत का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया.

खेतों में पानी, पशुपालकों के सामने चारे का संकट
बाढ़ का पानी खेतों में फैलने से हरा चारा भी डूब गया है. इससे पशुपालकों के सामने मवेशियों को खिलाने के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द पानी नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
13 स्कूलों में बंद है पढ़ाई
बाढ़ के कारण राघोपुर प्रखंड के 13 विद्यालयों में पढ़ाई बंद कर दी गयी है. जलजमाव और आवागमन की समस्या को देखते हुए स्कूलों में पठन-पाठन प्रभावित हुआ है. प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल गंगा का जलस्तर स्थिर होने के बावजूद दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी कम नहीं हुआ है. ग्रामीणों की नजर अब गंगा के जलस्तर में होने वाले अगले बदलाव पर टिकी है. पानी घटने पर ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए