वैशाली: करताहां में SBI एटीएम में देर रात तोड़फोड़, ग्रामीणों ने संदिग्ध को दबोचकर पुलिस को सौंपा; नकदी सुरक्षित
एटीएम में तोड़फोड़ | Prabhat Khabar Network
करताहां में एसबीआई एटीएम में तोड़फोड़ की घटना, ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंपा. पुलिस के अनुसार एटीएम से कोई नकदी चोरी नहीं हुई है.
Hajipur News: जिले के लालगंज अनुमंडल अंतर्गत करताहां थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात जगदीशपुर चतुर्भुज चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम में तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना सामने आई है. थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
आपके शहर में
एटीएम के भीतर से आ रही असामान्य आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एटीएम के अंदर मौजूद एक संदिग्ध युवक को मौके पर ही धर दबोचा और घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस टीम को दी. इसके बाद पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
मंदबुद्धि बताया जा रहा है पकड़ा गया युवक
सूचना पाकर करताहां थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया. पकड़े गए युवक की पहचान करताहां थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी महेश राय के पुत्र उत्तम कुमार के रूप में की गई है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ (मंदबुद्धि) प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त जरूर किया गया है, लेकिन कैश बॉक्स पूरी तरह सुरक्षित है और मशीन से एक रुपये की भी अवैध निकासी नहीं हुई है.
खंगाले जा रहे हैं CCTV फुटेज
एसबीआई के संबंधित बैंक अधिकारियों और तकनीकी टीम की ओर से उत्तम कुमार के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और एटीएम में तोड़फोड़ करने के आरोप में करताहां थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. बैंक द्वारा दिए गए आवेदन में भी किसी प्रकार की नकदी चोरी होने का उल्लेख नहीं है.

पुलिस ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और एटीएम के भीतर व चौक पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज की सघन जांच कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना में कोई अन्य पेशेवर चोर गिरोह तो शामिल नहीं था.
रात्रि गश्ती की मांग
थाना परिसर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मुख्य चौक के एटीएम में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती (नाईट पेट्रोलिंग) तेज करने की मांग की है.
Also Read: वैशाली: सीएम के सामने छात्रों ने खोली कॉलेज की पोल, इंटरनेट-बिजली से हॉस्टल तक उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए