हाजीपुर में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर, चालक समेत बस जब्त
मौके पर लोगों कि भीड़ और पुलिस
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बस चालक को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
Hajipur News: काजीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग के पूर्वी लेन पर धोबघट्टी स्थित मंदिर के पास शनिवार की सुबह तेज रफ्तार बस ने एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने भाग रहे बस चालक को वाहन समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घायल की पहचान पटना जिले के अमरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव के रूप में हुई है.
आपके शहर में
कंपनी के काम से लौट रहे थे घायल
जानकारी के अनुसार अमरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव एक टाइल्स कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं. शनिवार की सुबह वह कंपनी के काम से पटना से मुजफ्फरपुर गए थे. काम समाप्त करने के बाद वह अपनी बाइक से वापस पटना लौट रहे थे. इसी दौरान धोबघट्टी स्थित मंदिर के समीप ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. लोगों ने घायल को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया.
चालक सहित बस को पुलिस ने लिया कब्जे में
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे बस को स्थानीय लोगों ने चालक सहित पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
काजीपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि धोबघट्टी स्थित मंदिर के पास बस की टक्कर से एक बाइक सवार घायल हो गया था. ठोकर मारने वाले बस को चालक सहित पकड़ लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए