पति-पत्नी के विवाद में बेटे की हत्या, दादा व चाचा गिरफ्तार

Updated at : 30 Apr 2025 7:43 PM (IST)
विज्ञापन
पति-पत्नी के विवाद में बेटे की हत्या, दादा व चाचा गिरफ्तार

वैशाली थाना क्षेत्र के चकअहलाद गांव में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर एक कलयुगी पिता ने ही अपने भाई एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही पुत्र की हत्या कर दी.

विज्ञापन

हाजीपुर. वैशाली थाना क्षेत्र के चकअहलाद गांव में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर एक कलयुगी पिता ने ही अपने भाई एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ही पुत्र की हत्या कर दी. बच्चे की उम्र सात-आठ साल बतायी जा रही है. बच्चे की हत्या करने के बाद शव का ठिकाना लगाने के दाैरान ही मृतक की मां ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को बरामद करने के साथ ही आरोपित दादा तथा चाचा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को साैंप दिया है. पुलिस इस मामले में मृतक की मां के बयान पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस संबंध में पुलिस को दिये आवेदन में मृतक की मां वैशाली थाना क्षेत्र के चकअहलाद गांव निवासी राजीव कुमार की पत्नी बबीता कुमारी ने बताया है कि उसके ससुराल वालों से विवाद के कारण वह बीते आठ महीने से अपने मायके में रह रही है. उसका पुत्र विश्वजीत कुमार उर्फ सन्नी अपने पिता के घर दादा-दादी के साथ रहता था. बताया गया कि बीते सोमवार की शाम उसे सूचना मिली थी कि उसके ससुराल वालों ने मिलकर विश्वजीत की हत्या कर शव को गायब करने के फिराक में है. जानकारी मिलते ही महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रविंद्र पाल त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया. बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपित इधर-उधर भागने लगे. मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के दादा चंदेश्वर भगत तथा चाचा विपिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में पुलिस ने मृतक की मां के आवेदन के आधार पर मृतक के पिता राजीव भगत, चाचा विपिन भगत, दादा चंदेश्वर भगत, दादी प्रेमशीला देवी तथा चाची निभा कुमारी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. घटना के बाद अन्य आरोपित फरार बताये गये हैं. इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि चकअहलाद गांव में एक बच्चे की हत्या कर शव को गायब करने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. मृतक की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन