वैशाली: घर की छत पर लगाएं सोलर, पाएं 78 हजार तक सब्सिडी और हर महीने बिजली बिल में बचत

छत पर लगा सोलर प्लांट
Hajipur solar subsidy: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आप घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल से मुक्ति पा सकते हैं. केंद्र सरकार 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दे रही है, जिससे आपकी बिजली की लागत काफी कम हो जाएगी.
Hajipur solar subsidy: अगर आप हर महीने आने वाले बिजली बिल से राहत चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. इस योजना के तहत घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर केंद्र सरकार 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है. इसके साथ ही छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
कैसे मिलेगा योजना का लाभ
अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन स्वीकृत होने के बाद अधिकृत विक्रेता से सोलर प्लांट स्थापित कराया जाएगा. प्लांट का निरीक्षण और नेट मीटर लगाए जाने के बाद निर्धारित सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेज दी जाएगी.
कितनी मिलेगी सब्सिडी
- 1 किलोवाट सोलर प्लांट पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी.
- 2 किलोवाट सोलर प्लांट पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी.
- 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी.
योजना से होंगे कई लाभ
इस योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को हर महीने बिजली बिल में बड़ी बचत होगी. अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होने पर उसे ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है. सोलर प्लांट का उपयोग लगभग 25 वर्षों तक किया जा सकता है. यह योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. उपयुक्त सिस्टम के साथ बिजली कटौती के दौरान भी ऊर्जा का बेहतर विकल्प उपलब्ध हो सकता है.
कितनी जगह की होगी आवश्यकता
एक किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट की स्थापना के लिए लगभग 100 वर्गफुट छत पर्याप्त मानी जाती है. अधिक क्षमता वाले सोलर प्लांट के लिए उसी अनुपात में अतिरिक्त स्थान की आवश्यकता होगी.
कितने समय में वसूल होगी लागत
शहरी क्षेत्रों में सोलर प्लांट लगाने की लागत लगभग चार से पांच वर्षों में वसूल हो सकती है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि लगभग सात से आठ वर्ष मानी गई है. इसके बाद उपभोक्ता कई वर्षों तक कम लागत में बिजली का लाभ उठा सकते हैं.
कहां करें आवेदन
इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 155155 पर संपर्क किया जा सकता है. जिला प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की है.
Also Read: बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










