बिहार की 1.81 करोड़ महिलाओं के लिए खुशखबरी, 25 जुलाई को खाते में जाएगी राशि, सीएम सम्राट का ऐलान

भागलपुर में सीएम सम्राट
CM Samrat Gift: भागलपुर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कई घोषणाएं की हैं. उन्होंने 25 जुलाई को 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजने का ऐलान किया. साथ ही लापरवाह अधिकारियों को नौकरी से हटाने की चेतावनी और कहलगांव से बटेश्वर स्थान तक रोपवे बनाने की घोषणा भी की.
CM Samrat Gift: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के कासिल गोराडीह में आयोजित जनसभा से कई घोषणाएं कीं. उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सरकारी व्यवस्था में जवाबदेही और क्षेत्रीय विकास को लेकर कई अहम फैसलों का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
25 जुलाई को महिलाओं के खाते में जाएगी सम्मान राशि
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जुलाई को राज्य की 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सम्मान राशि भेजी जाएगी. यह राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर होगी.
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है. जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी, तभी परिवार और राज्य दोनों तेजी से आगे बढ़ेंगे.
कामचोर अधिकारियों को सख्त चेतावनी
जनसभा में मुख्यमंत्री ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के जरिए अब तक साढ़े पांच लाख से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा चुका है.
सीएम ने बताया कि जो अधिकारी और कर्मचारी बार-बार लापरवाही कर रहे हैं, उन्हें अब दूसरा और तीसरा नोटिस दिया जा रहा है. उन्होंने साफ कहा कि तीसरा नोटिस मिलने के बाद भी काम में सुधार नहीं हुआ तो ऐसे कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया जाएगा.
मुंगेर और भागलपुर के अधिकारियों को विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने मुंगेर और भागलपुर प्रमंडल के अधिकारियों से कहा कि जनता के काम में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने अधिकारियों को समय पर शिकायतों का निपटारा करने और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया.
कहलगांव से बटेश्वर स्थान तक बनेगा रोपवे
क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि कहलगांव से बटेश्वर स्थान तक आधुनिक रोपवे बनाया जाएगा. इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी. सरकार का मानना है कि इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की निगरानी करने की अपील
मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद भागलपुर सांसद अजय मंडल, कहलगांव विधायक शोभानंद मुकेश और पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान से कहा कि वे लगातार अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी करें और जनता के बीच सक्रिय रहें.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, एसएसपी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल समेत एनडीए के कई विधायक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. जनसभा के दौरान सरकार ने विकास और जनकल्याण से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










