वैशाली: सदर थाना क्षेत्र से अवैध हथियार और भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरा फरार

गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस
हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, दूसरा आरोपी फरार है.
Hajipur News: सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्र और भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दौलतपुर देवरिया गांव में छापेमारी कर 52.250 लीटर विदेशी शराब, एक देसी पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद की हैं. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका भाई मौके से फरार हो गया.
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर देवरिया निवासी सोनेलाल कुमार और उसका भाई शिवम कुमार शराब का अवैध कारोबार करते हैं तथा उन्होंने शराब को अपने घर के बगल स्थित बथान में छिपाकर रखा है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-वन सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की, जहां से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और 52.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई सोनेलाल कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा.
गिरफ्तार आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित शिवम कुमार से गहन पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार में संलिप्त दूसरा आरोपी सोनेलाल कुमार अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










