वैशाली: पातेपुर में बीएओ और ई-रिक्शा चालक के बीच सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Updated:
विज्ञापन
फोटो -52- वायरल वीडियो में डंडा लेकर जाते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

वायरल वीडियो में डंडा लेकर जाते अधिकारी

पातेपुर प्रखंड में प्रखंड कृषि पदाधिकारी और ई-रिक्शा चालक के बीच हुई धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस घटना ने क्षेत्र में अधिकारियों के आचरण और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

विज्ञापन

Hajipur News: पातेपुर प्रखंड में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) संजय कुमार और एक ई-रिक्शा चालक के बीच तीखी नोंक-झोंक एवं धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है. वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

वायरल वीडियो में ई-रिक्शा चालक पदाधिकारी पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है. वहीं अधिकारी वाहन से डंडा निकालकर चालक को धमकाते हुए नजर आ रहे हैं. करीब एक मिनट 50 सेकेंड के इस वीडियो ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिकारियों के आचरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, बीते 22 जून को पातेपुर प्रखंड मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजय कुमार अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से कार्यालय पहुंच रहे थे. जैसे ही वे प्रखंड मुख्यालय के पश्चिमी गेट के समीप पहुंचे, सामने से एक ई-रिक्शा आ गया.

ई-रिक्शा चालक का आरोप है कि गाड़ी में बैठे अधिकारी ने उसे गाली दी, जिसके बाद उसने अपना वाहन रोक दिया. वाहन रुकते ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान बीएओ गाड़ी से डंडा निकालकर चालक को धमकाने लगे. मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा चालक के साथ उनकी नोंक-झोंक हुई थी और वह नशे की हालत में था. उन्होंने कहा कि "टेंपू चलाने वाला आदमी बदमाश होता ही है. पदाधिकारी हैं, हम लोग क्या कर सकते हैं."

हालांकि, इस बयान के बाद कई सवाल उठ रहे हैं. यदि ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था तो इसकी सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी गई. वहीं, पदाधिकारी के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार होने के बावजूद पुलिस में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक जिम्मेदार अधिकारी के साथ सार्वजनिक स्थल पर कथित गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की घटना होने के बावजूद किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है. मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है.


विज्ञापन
Abhishek Shaswat

लेखक के बारे में

By Abhishek Shaswat

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन