हाजीपुर में प्रभारी मंत्री निशांत कुमार ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया याद
स्वतंत्रता दिवस की फोटो
हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया.
Hajipur independence day: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. तिरंगा फहराते ही पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा. समारोह में जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, राजापाकर विधायक महेंद्र राम समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत कर दी सलामी
ध्वजारोहण के बाद बिहार पुलिस सहित विभिन्न टुकड़ियों के जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी. परेड और देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों के दौरान स्टेडियम में मौजूद लोगों में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया. उन्होंने कहा कि देश की आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है. इसे मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने वैशाली जिले में सरकार और जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला.

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए योजनाओं का लाभ
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया. पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








