हाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात, जंगल में ले जाकर मारी पांच गोली
मृतक नरेश राय का फाइल फोटो
Hajipur Murder News : हाजीपुर जिले में गुरुवार सुबह अपराधियों ने एक कंस्ट्रक्शन ठेकेदार राम नरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी. रोज की तरह सुबह टहलने निकले ठेकेदार को नजदीक से पांच गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद से इलाके में भारी दहशत है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Hajipur Murder News : हाजीपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी नया टोला में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने कंस्ट्रक्शन ठेकेदार राम नरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी. अपराधियों ने ठेकेदार को नजदीक से ताबड़तोड़ पांच गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रोज की तरह टहलने निकले थे ठेकेदार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक राम नरेश राय कंस्ट्रक्शन का काम करते थे. वह हर दिन की तरह सुबह में टहलने के लिए निकलते थे आज भी सुबह में वह निकले थे लेकिन उनके साथ कोई भी उनके साथ ही नहीं था हर दिन उनके साथ लगभग 5 से 6 लोग सुबह में रहते थे.

दो बाइक से पहुंचे चार अपराधी
घटनास्थल के समीप लगे CCTV कैमरे में वारदात से जुड़ी गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज में रामनरेश राय सड़क पर सामान्य तरीके से टहलते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी उनके पास पहुंचे और अपनी बाइक रोक दी.

बातचीत के बाद भागने की कोशिश
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार अपराधियों ने रामनरेश राय से कुछ देर बातचीत की. इसके बाद ठेकेदार ने स्थिति को भांपते हुए वहां से भागने की कोशिश की. इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे दो अपराधी नीचे उतरे और उनका पीछा करने लगे.
पास के जंगल की ओर ले जाकर मारी गोली
फुटेज के अनुसार, दोनों अपराधी ठेकेदार का पीछा करते हुए पास के जंगल की तरफ गए. इसी इलाके में रामनरेश राय को गोली मार दी गई. गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए.

CCTV फुटेज से पुलिस को मिल सकता है अहम सुराग
घटना के बाद सामने आया CCTV फुटेज पुलिस जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है. फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां और वारदात से पहले की घटनाएं दिखाई दे रही हैं. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर लौटे स्वजन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. परिजनों ने आनन-फानन में शव को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए ही स्वजन शव को अपने घर वापस ले आए. हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की बारीकी से छानबीन में जुट गई है.
परिवार का विवरण
मृतक राम नरेश राय अपने घर पर माता-पिता के साथ रहते थे. उनकी पत्नी पटना में रहकर उनके इकलौते बेटे की पढ़ाई-लिखाई संभाल रही हैं. वही परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है.
Also Read : हाजीपुर में कर्नाटक पुलिस की छापेमारी, 98 लाख लूट और हत्या का आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










