वैशाली के महुआ में किसान के घर 35 लाख की चोरी, 15 लाख नकद और 20 लाख के जेवर ले गये चोर

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

महुआ के मंगुराही गांव में एक किसान के घर से चोरों ने बक्से और गोदरेज सहित करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. इनमें 15 लाख नकद और 20 लाख रुपये के कीमती आभूषण शामिल थे. यह घटना बेटी की शादी से ठीक पहले हुई है.

विज्ञापन

Kisan ke ghar chori: महुआ थाना क्षेत्र के मंगुराही गांव में शनिवार की रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाकर करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से तीन बक्से और एक गोदरेज उठाकर करीब 500 मीटर दूर धान के खेत में ले गये. वहां ताले तोड़कर 15 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गये. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

घर से बक्से और गोदरेज उठाकर खेत में ले गये

मंगुराही गांव निवासी किसान उपेंद्र राय के घर में चोर कई कमरों में घुसे. इसके बाद तीन बक्से और एक गोदरेज को घर के पीछे स्थित धान के खेत में ले गये. घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में चोरों ने बक्सों और गोदरेज का लॉक तोड़ा और उसमें रखी नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गये.

परिजनों के मुताबिक, चोरी गये सामान में 15 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के आभूषण शामिल हैं.

सुबह चार बजे परिजनों को हुई चोरी की जानकारी

परिवार को घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब चार बजे हुई. उपेंद्र राय की पत्नी किरण देवी और पुत्री खुशबू कुमारी ने देखा कि कमरे में रखे बक्से और गोदरेज गायब हैं. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये.

पीड़ित के भाई और समाजसेवी भोला राय ने डायल-112 और महुआ थाना को घटना की सूचना दी.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने चोरों के आने-जाने के संभावित रास्ते समेत अन्य बिंदुओं की जांच की. घटना के बाद पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.

घर के पीछे शराब पीने की ग्रामीणों ने जतायी आशंका

ग्रामीणों के अनुसार, चोरी से पहले चोरों ने घर के पीछे शराब पी थी. इसके बाद पीछे के दरवाजे की ओर से छत के सहारे घर में प्रवेश करने की आशंका जतायी जा रही है. चोरी के बाद करीब एक क्विंटल वजन वाले गोदरेज और बक्सों को घर से खेत तक ले जाने की बात भी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

बेटी की नवंबर में होनी थी शादी

ग्रामीणों ने बताया कि किसान उपेंद्र राय की पुत्री खुशबू कुमारी की शादी इसी वर्ष नवंबर में प्रस्तावित थी. शादी को लेकर परिवार रुपये जुटा रहा था और आभूषण की खरीदारी कर घर में रखी गयी थी. इसी बीच चोरी की घटना हो गयी.

घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप यादव, पंचायत समिति सदस्य श्याम सुंदर चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार अकेला, मनोज कुमार, सुजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन