वैशाली के देसरी में रेलवे की मांगों को लेकर भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, अनशन पर बैठे 4 लोग
देसरी में रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर अनशन पर बैठे लोग
वैशाली के देसरी में रेलवे की लंबित मांगों को लेकर भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित समेत चार लोग अनशन पर बैठे हैं. उन्होंने सक्षम पदाधिकारी से वार्ता की मांग की है.
Desari Railway Demand: देसरी बाजार के कृष्णा चौक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार से शुरू हुई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही. आंदोलन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित, प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार, समाजसेवी अनीश कुमार और कांग्रेस नेता मनीष कुमार भी अनशन पर बैठ गये. दूसरे दिन अनशनकारियों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गयी.
सक्षम पदाधिकारी से वार्ता की मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि आंदोलन शुरू करने से पहले रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक, जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को इसकी पूर्व सूचना दी गयी थी. इसके बावजूद अब तक किसी सक्षम पदाधिकारी ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर वार्ता नहीं की है.
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने दिया समर्थन
भूख हड़ताल के समर्थन में दूसरे दिन राजद किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पुलिस राय, वरिष्ठ नेता सत्येंद्र प्रसाद यादव, देसरी के पूर्व मुखिया दिलीप सिंह, राज बल्लभ सिंह, समाजसेवी विजय कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य अरुण सहनी, ब्रजेश कुमार यादव, कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, जंदाहा कांग्रेस अध्यक्ष चंदन झा और समता महाविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर कुमार समेत कई लोग पहुंचे.
संत योगेंद्र शरण नाथ, आकाश रंजन, बलिंद्र सिंह, संजीव यादव, दिनेश राय, रत्नेश कुमार सिंह, सोहन कुमार, सुबोध पासवान, पिंकी देवी, ममता देवी, सुशीला देवी और मीना देवी समेत कई जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर हस्ताक्षर कर आंदोलन को समर्थन दिया.
अनशनकारियों की हुई स्वास्थ्य जांच
भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए सीएचसी देसरी की चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची. चिकित्सा कर्मियों ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की. आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों पर कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए