महुआ में ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटनास्थल की तस्वीर
Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ में सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की दुखद मृत्यु हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया.
Hajipur News : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई. हादसा फुलवरिया गांव के समीप हुआ, जहां ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
दो ट्रकों के साइड लेने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फुलवरिया वार्ड संख्या-4 निवासी हरिचरण महतो के 62 वर्षीय पुत्र परसन महतो शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पेट्रोल पंप के समीप स्थित चाय दुकान से चाय पीकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान दो ट्रकों के साइड लेने के क्रम में एक ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और शव को सड़क पर रखकर महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग को कुछ समय के लिए जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
घटना की सूचना मिलने पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने सब-इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम समाप्त कराया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया.
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. उसकी तलाश की जा रही है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : बरबीघा के बिजली एसडीओ का कथित शराब पीते वीडियो वायरल, बोले- मुझे इसकी जानकारी नहीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










