hajipur news. प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी लोगों को जाम से नहीं मिल रही निजात

शहर को जाम मुक्त रखने तथा हाइ-वे पर वाहनों की लगने वाली कतार को कम करने के लिए एसपी ने अलग से एक पेट्रोलिंग वाहन के साथ इंस्पेक्टर रैंक के थानाध्यक्ष व पांच पुलिस पदाधिकारी को भी तैनात किया, पर जाम में कमी नहीं आयी
हाजीपुर. हाजीपुर से पटना को जोड़ने वाले हाइ-वे तथा गांधी सेतु पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है. जिला तथा पुलिस प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी शहरवासियों एवं राहगीरों को इससे निजात नहीं मिल पा रही है. शहर को जाम मुक्त रखने तथा हाइ-वे पर वाहनों की लगने वाली कतार को कम करने के लिए एसपी ने अलग से एक पेट्रोलिंग वाहन के साथ इंस्पेक्टर रैंक के थानाध्यक्ष एवं पांच पुलिस पदाधिकारी को भी तैनात किया, इसके बाद भी जाम में कोई कमी नहीं आयी है. शाम ढलते ही शहर के रामाशीष चौक से लेकर गांधी सेतु तथा मुजफ्फरपुर मार्ग पर सराय तक वाहनों की लंबी कतार अब भी लगी रहती है. हालांकि, पुलिस किसी तरह रॉन्ग साइड से वाहनों को पास करा कर सुबह तक हाइ-वे से जाम हटा देती है. फिर शाम से ही जाम लगना शुरू हो जाता है.
पटना में चल रहे मेट्रो निर्माण तथा वहां के ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही के कारण प्रतिदिन हाजीपुर वासियों को जाम का सामना करना पड़ रहा है. जाम में फंस कर लोग पूरी रात गुजार रहे हैं. हाई-वे पर लगने वाली जाम के लिए पुलिस प्रशासन की लापरवाही के साथ खासकर ट्रक चालकों की मनमानी भी कम जिम्मेदार नहीं है. हाई-वे पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों की अनदेखी के कारण ट्रक एवं बस चालक ओवरटेक करने के चक्कर में जाम लगा देते हैं. इससे आम लोगों की परेशानी के साथ खासकर एंबुलेंस एवं छोटे वाहन चालकों को पटना जाने तथा लौटने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है. इसके साथ ही हाजीपुर से पटना जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग जेपी सेतु से होकर वाहनाें के जाने वाली मार्ग पर पुराना एवं नया गंडक पुल रोड में जाम के कारण भी लोगों को घंटों फंसना पड़ रहा है.गंडक नदी पर निर्माणाधीन पुल का काम चलने के कारण रात में दो घंटे बंद रहेगा परिचालन
हाजीपुर में लगने वाले जाम की समस्या और गंभीर होने वाली है. जेपी सेतु से पटना जाने वाले नया गंडक पुल के समानांतर बन रहे पुल के पिलर पर स्लैब चढ़ाने के लिए नया गंडक पुल को शनिवार की रात 10 बजे से 12 बजे के बीच बंद करने का निर्देश दिया गया है. इससे शहर में जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है. इस संबंध में सदर एसडीओ रामबाबू बैठा ने बताया कि पुलिस निर्माण निगम के अधिकारियों ने गंडक नदी पर बन रहे सड़क पुल का निर्माण कार्य चलने के कारण नया गंडक पुल पर रात में दो घंटे के लिए यातायात रोकने के लिए कहा गया है. इसके लिए यातायात पुलिस को रात में पुल पर वाहनों का परिचालन रोकने का निर्देश दिया गया है.पांच अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारियों को हाई-वे पर तैनात करने के बाद भी स्थिति यथावत
मालूम हो कि हाई-वे एवं गांधी सेतु पर लगने वाली जाम को लेकर एसपी ललित मोहन शर्मा ने लगभग एक सप्ताह पूर्व यातायात थाना को अपडेट किया था. ट्रैफिक थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को हटाकर इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी को यातायात थाना की कमान सौंपी थी. इसके साथ ही एक अतिरिक्त पेट्रोलिंग वैन के साथ पांच एसआई तथा एएसआई रैंक के पदाधिकारियों की भी तैनाती की गयी थी. इसके बाद भी हाई-वे पर लगने वाली जाम की स्थिति यथावत बनी है. शहर के पुलिस पदाधिकारियों को भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है. जिससे शहर की सड़कों पर भी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण विभिन्न चौक चौराहों पर रुक-रुक कर जाम लगती रहती है.पूर्व की अपेक्षा आधी संख्या में है पुलिस तैनात
ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी के अनुसार पहले शहर एवं हाई-वे को जाम मुक्त रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी समेत कुल 120 कर्मियों को तैनात किया गया था लेकिन वरीय अधिकारी द्वारा व्यवस्था में बदलाव के बाद मात्र 61 पुलिस कर्मियाें के द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था संभाली जा रही है. इससे काफी परेशानी भी हो रहा है. बताया गया कि वर्तमान में ट्रैफिक थाना के पास 8 एसआई, 5 पीसीसी पदाधिकारी के साथ 48 पुलिस कर्मी है. सभी को शहर के रामाशीष चौक, बीएसएनएल गोलंबर, महुआ मोड़, पासवान चौक, गांधी सेतु, अंजानपीर चौक, नया एवं पुराना गंडक पुल, पुलिस लाइन आदि स्थानों पर तैनात किया गया है. इसके बाद भी लोगों को जाम से निजात नहीं मिल रहा है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




