हाजीपुर: मवेशी व्यवसायी हत्याकांड मामले में तीन घंटे तक मुख्य मार्ग जाम, एसआईटी गठित

Updated:
विज्ञापन

गुस्सा लोगों के द्वारा महुआ में सड़क जाम किए हुए | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर में मवेशी कारोबारी की हत्या के बाद तीन घंटे तक सड़क जाम रहा। एसपी ने एसआईटी का गठन कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

Hajipur Crime News : वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के पातेपुर रोड में रामराय गांव के समीप मंगलवार दोपहर बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर मवेशी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे व्यापारी के बेटे को भी पैर में गोली लगी है. गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल से पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है. दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश है.

आपके शहर में

विज्ञापन

मवेशी हाट से लौट रहे थे पिता-पुत्र

तीसियौता थाना क्षेत्र के हुसैनीपुर गांव निवासी लक्ष्मण राय (50) अपने पुत्र मिथिलेश कुमार (26) के साथ बाइक से माधौल मवेशी हाट से मवेशी बेचकर घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक तारौरा नहर के समीप पहुंची, चार-पांच हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने उनके पास मौजूद नकदी और अन्य कीमती सामान लूटने का प्रयास किया.

विरोध करने पर शुरू कर दी फायरिंग

पिता-पुत्र द्वारा लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, मौके पर चार से पांच राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी. इसी दौरान एक गोली लक्ष्मण राय के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. पिता को बचाने पहुंचे मिथिलेश कुमार के पैर में भी गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़े.

तीन घंटे तक मुख्य मार्ग रहा जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने महुआ-पातेपुर मुख्य मार्ग को गांधी चौक के समीप जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. सूचना मिलते ही महुआ थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.

एसपी के आश्वासन पर हटा जाम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभांक मिश्रा खुद घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. एसपी ने कहा कि पुलिस 24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार करने का हरसंभव प्रयास करेगी. इसके बाद करीब तीन घंटे से जारी जाम समाप्त हुआ. इस दौरान मृतक का शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एसआईटी गठित

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान में जुटी है. मामले के त्वरित उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए महुआ एसडीपीओ पोलत्स कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

डीआईयू की टीम कर रही जांच

वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि गोली मारकर हत्या की घटना हुई है.डीआईयू की टीम पूरे मामले की जांच-पड़ताल में लगी हुई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: वैशाली में मवेशी बेचकर लौट रहे बाप-बेटे से लूट की कोशिश, विरोध पर पिता के सिर में मारी गोली; बेटा भी घायल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन