हाजीपुर: हंगामेदार रही बीडीसी की बैठक, स्वास्थ्य, शिक्षा और आंगनबाड़ी का मुद्दा छाया रहा

Updated:
विज्ञापन

बीडीसी की बैठक के दौरान सदस्यगण | Prabhat Khabar Network

पातेपुर में आयोजित बीडीसी की बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी के मुद्दों पर चर्चा हुई। शिक्षा पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने जताई कड़ी नाराजगी।

विज्ञापन

Hajipur News : पातेपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख रेणु देवी ने की. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी, पेयजल और बिजली व्यवस्था समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. वहीं, सरकार की बीपीडीपी (ब्लॉक पंचायत डेवलपमेंट प्लान) के क्रियान्वयन को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया.

16वें वित्त आयोग की राशि से होंगे विकास कार्य

बैठक का संचालन करते हुए बीडीओ डॉ. दीपक कुमार सिंह ने बीपीडीपी योजना के संबंध में सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी. उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग की राशि से योजना के तहत विकास कार्य कराये जायेंगे. इसके लिए करीब दो करोड़ रुपये की योजनाओं का चयन किया गया है. पंचायतों के समग्र विकास की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है.

बीईओ की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने जतायी नाराजगी

बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जतायी. सदस्यों ने इसे जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा बताते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.

आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच की मांग

बाल विकास परियोजना विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण करने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि कई केंद्रों के संचालन में अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं. ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार किया जाना जरूरी है.

जले मोटर जल्द बदलने का निर्देश

पेयजल व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने पीएचईडी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना था कि कई पंचायतों में मोटर जल जाने के कारण नल-जल योजना से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है. इस पर बीडीओ ने संबंधित कनीय अभियंता (जेई) को जले हुए मोटरों को जल्द बदलने का निर्देश दिया.

निर्बाध बिजली आपूर्ति की उठी मांग

बैठक में बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. इसके अलावा कृषि, विकास योजनाओं और अन्य विभागों से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मौके पर सीओ प्रभात कुमार, बीपीआरओ डॉ. प्रभात राजन कुमार, कृषि पदाधिकारी संजय कुमार, मुखिया सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार, राधा देवी, शंकर पासवान, शहजाद अहमद किदवई, रामप्रवेश राय, जीवछ राय सहित पंचायत समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
राहुल कुमार राय

लेखक के बारे में

By राहुल कुमार राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन