बिहार: भागलपुर में दुल्हन की मांग भरने के बाद दूल्हे की मौत, मंडप के पास ही तोड़ दिया दम, मचा कोहराम
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 05 May 2023 7:09 AM
बिहार: भागलपुर में एक शादी समारोह की खुशियां अचानक मातम भरे माहौल में तब तब्दील हो गयी जब दुल्हन की मांग भरने के बाद दूल्हे ने मंडप के पास ही दम तोड़ दिया. विवाह स्थल पर कोहराम मच गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
भागलपुर: दुल्हन की मांग भरे चंद मिनट ही बीते थे कि दूल्हे की तबीयत बिगड़ी और जब तक लोग कुछ समझ पाते दुल्हे ने शादी के मंडप के पास ही अपना दम तोड़ दिया. घटना गुरुवार की है. मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के मिरजानहाट स्थित एक विवाह भवन में आयोजित शादी समारोह के दौरान खुशी का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब दुल्हे की मौत हो गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस शव को लेकर मायागंज अस्पताल चली गयी. वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने भी दूल्हे को मृत घोषित कर दिया. मोजाहिदपुर पुलिस ने मायागंज अस्पताल में ही मृत दूल्हे के परिजनों का फर्द बयान दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मिली जानकारी के अनुसार खंजरपुर स्थित झौवा कोठी के रहनेवाले मुकुंद कुमार झा के 31 वर्षीय बेटे दिलीप प्रकाश (31) की शादी झारखंड स्थित पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा स्थित बड़ी बाजार कुम्हार टोली के रहने वाले जन्मजेय कुमार झा की बेटी आयुषी कुमारी से तय हुई थी. तीन मई की रात बरात दूल्हे के घर से निकल मिरजानहाट स्थित शीतला स्थान रोड के समीप विवाह भवन पहुंची थी.
बरात पहुंचने के बाद शादी के सारे विधि-विधान किये गये. वहीं सुबह के वक्त सिंदूरदान के बाद शादी संपन्न हुई. इसके बाद दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान दिलीप ने चाय मंगवाई और उससे पहले ब्रश कर कुर्सी पर बैठे ही थे कि उन्हें चक्कर आने लगा और वह अचेत हो गये.
परिजन उन्हें आनन-फानन में मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने दिलीप को देखते ही मृत घोषित कर दिया. दूल्हे का शव वापस विवाह भवन ले जाया गया. जहां इस बात की जानकारी मिलने पर मातम पसर गया. एक तरफ जहां दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल था, वहीं लड़के के परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ था. मोजाहिदपुर पुलिस को इस बात की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और मृतक के पिता का फर्द बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
Published By: Thakur Shaktilochan
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










