जेपीयू सेमेस्टर-3 परीक्षा फॉर्म जमा करने का अंतिम मौका, 28 जुलाई से होगी परीक्षा, देखिए शेड्यूल

परीक्षा फॉर्म को लेकर कॉलेज में लगी भीड़
JPU Semester-3 Exam Form : जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर 3 के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तक बढ़ा दी है. छात्रों को कल तक अपने फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. परीक्षा 28 जुलाई से शुरू होगी.
JPU Semester-3 Exam Form : गोपालगंज जिले के अंगीभूत और संबद्ध डिग्री कॉलेजों में सीबीसीएस आधारित स्नातक सत्र 2024-28 के सेमेस्टर-3 के परीक्षा फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया जारी है. जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने बैंक में आई तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तक बढ़ाई थी. जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन के बाद अपने परीक्षा प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज संबंधित कॉलेज में जमा नहीं किए हैं, उन्हें कल तक ही प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अंतिम तिथि के कारण कॉलेजों में बढ़ी छात्रों की भीड़
कमला राय कॉलेज, महेंद्र महिला महाविद्यालय सहित जिले के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध डिग्री कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म जमा कराने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ देखी जा रही है. कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने की अपील की है. साथ ही परीक्षा शाखा को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है.
28 क्रेडिट वाले विद्यार्थी ही भर सकते हैं परीक्षा फॉर्म
विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार केवल वही छात्र-छात्राएं सेमेस्टर-3 का परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं, जिन्होंने सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-2 में कुल मिलाकर कम से कम 28 क्रेडिट अर्जित किए हैं. परीक्षा शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है. ऑनलाइन आवेदन के बाद अंकपत्र, प्रवेश पत्र, पंजीयन पत्र, शुल्क भुगतान की रसीद और अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित कॉलेज में जमा करना अनिवार्य है. अधूरे दस्तावेजों के साथ आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
22 जुलाई तक विश्वविद्यालय भेजे जाएंगे सत्यापित आवेदन
जेपीयू ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि परीक्षा फॉर्म का सत्यापन करने के बाद समेकित सूची और आवश्यक अभिलेखों के साथ सत्यापित आवेदन 22 जुलाई तक विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में भेजे जाएं. इसके बाद परीक्षा से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि 28 जुलाई से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा आयोजित की जा सके.
नाम और पंजीयन संख्या की जांच के दिए निर्देश
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने सभी प्राचार्यों को परीक्षा प्रपत्रों के सत्यापन के दौरान छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, परीक्षा क्रमांक और पंजीयन संख्या की सावधानीपूर्वक जांच करने का निर्देश दिया है. किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसे ऑनलाइन सुधारने को कहा गया है. विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण वाले छात्र का परीक्षा फॉर्म अग्रसारित होने पर संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










