गोपालगंज: भोरे में 5.17 लाख की चोरी, घर से लाखों के जेवर और नकद ले गये चोर
गोपालगंज के भोरे में एक घर से चोरों ने लाखों के जेवर, नकदी और साड़ियां चुरा लीं. कुल 5.17 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
Gopalganj News : भोरे थाना क्षेत्र के हीरापाकड़ गांव में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर घर के पिछले रास्ते से अंदर दाखिल हुए और दो महिलाओं के करीब 4 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 22 हजार रुपये नकद समेत चार बड़े बक्से लेकर फरार हो गये. चोरी गये बक्सों में रखी साड़ियों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बतायी जा रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
रात करीब एक बजे घर में दाखिल हुए चोर
घटना अजय पांडेय, पिता अनिरुद्ध पांडेय, के घर की है. पीड़ित परिवार के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे से 1:30 बजे के बीच चोर घर के पिछले रास्ते से अंदर घुसे. इसके बाद घर में रखे सामान को खंगालते हुए चोरों ने दो महिलाओं के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
परिजनों के मुताबिक चोरी गये जेवरात की कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये है, जबकि घर से 22 हजार रुपये नकद भी गायब हैं. चोर चार बड़े बक्से भी अपने साथ ले गये, जिनमें करीब 25 हजार रुपये मूल्य की साड़ियां रखी थीं.
खेत में बिखरा मिला सामान, टूटे पड़े थे बक्से
घटना की जानकारी मिलने पर गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति मौके पर पहुंचे. पीड़ित के घर से कुछ दूरी पर खेत में चोरों द्वारा तोड़े गये बक्से और उनमें रखा सामान बिखरा हुआ मिला.
आशंका है कि घर से बक्से ले जाने के बाद चोरों ने खेत में उन्हें तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया और खाली बक्सों को वहीं छोड़ दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में चोरी को लेकर चिंता का माहौल है.
सूखे नशे के कारोबार का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सूखे नशे का अवैध कारोबार चल रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि नशे की लत पूरी करने के लिए असामाजिक तत्वों ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है. हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी में शामिल लोगों और घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
क्राइम सीन सील, सुराग तलाशने में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन सील कर दिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. चोरों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉयड की मदद भी ली जा रही है.
थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की दिशा में कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए