गोपालगंज में डेढ़ करोड़ से बनेगा अशोक सम्राट भवन, शादी-विवाह के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निर्माणधिन अशोक सम्राट भवन
कटेया नगर पंचायत में डेढ़ करोड़ से बन रहा अशोक सम्राट भवन जल्द तैयार होगा. यह भवन शादी-विवाह, तिलक व अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाएँ देगा. स्थानीय लोगों को आयोजन की परेशानियों से राहत मिलेगी.
Gopalganj News: कटेया नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को जल्द ही शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधा मिलेगी. नगर पंचायत की ओर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अशोक सम्राट भवन का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रहा है और प्रथम तल की ढलाई पूरी हो चुकी है.
नगर पंचायत के अनुसार भवन का निर्माण मुख्य रूप से शादी-विवाह, तिलक, जन्मोत्सव और अन्य सामाजिक व मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जा रहा है. भवन तैयार होने के बाद लोग नगर पंचायत द्वारा निर्धारित शुल्क देकर यहां कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे.
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार राय उर्फ डल्लू राय ने बताया कि अशोक सम्राट भवन में मैरिज हॉल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. कार्यक्रमों में उपयोग होने वाले जनरेटर, टेंट, लाइट, कुर्सी समेत अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था भी भवन परिसर में ही रहेगी. इससे लोगों को अलग-अलग स्थानों से सामान जुटाने की परेशानी नहीं होगी.
उन्होंने बताया कि भवन का उपयोग सभी लोग कर सकेंगे, लेकिन बुकिंग में कटेया नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बीपीएल परिवारों को निर्धारित शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने की व्यवस्था की जाएगी.
नगर पंचायत की ओर से भवन के संचालन और उपयोग के लिए अलग से शुल्क निर्धारित किया जाएगा. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कटेया नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक सुविधायुक्त स्थानीय स्थल उपलब्ध हो जाएगा, जिससे आयोजन में होने वाली कई तरह की परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए