गोपालगंज में 5.17 लाख की चोरी, जेवर-नकदी के साथ चार बक्से उठा ले गये चोर
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस, थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के एक गांव में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया. लाखों रुपये के जेवर, नकदी और चार बक्से चोरी कर लिए गए. पुलिस डॉग स्क्वॉयड की मदद से मामले की जांच कर रही है.
Gopalganj News : भोरे थाना क्षेत्र के हीरापाकड़ गांव में देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना अजय पांडेय के घर की है. पीड़ित परिवार के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे से 1:30 बजे के बीच चोर घर के पिछले रास्ते से अंदर दाखिल हुए. घर में घुसने के बाद चोर दो महिलाओं के करीब 4 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 22 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये. इसके अलावा चोर चार बड़े बक्से भी उठा ले गये, जिनमें रखी साड़ियों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बतायी जा रही है.
खेत में टूटे बक्से और बिखरा मिला सामान
घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संतोष प्रजापति मौके पर पहुंचे. पीड़ित के घर से कुछ दूरी पर खेत में चोरों द्वारा तोड़े गये बक्से और सामान बिखरा मिला. ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में सूखे नशे का अवैध कारोबार चल रहा है. ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि नशे की लत पूरी करने के लिए असामाजिक तत्वों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया होगा. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गयी है.
डॉग स्क्वॉयड के साथ पुलिस ने की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये. इसके बाद थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय की मौजूदगी में डॉग स्क्वॉयड की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छानबीन की. काफी प्रयास के बाद भी खोजी कुत्ते की मदद से पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच
थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य स्रोतों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए