गोपालगंज: ज्वेलरी दुकानदार से लूट के बाद फुलवरिया-श्रीपुर में पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ी गश्त
फोटो- बैंक के पास रात में गश्त करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
जमुनहां बाजार में ज्वेलरी दुकानदार को गोली मारकर लूट की घटना के बाद गोपालगंज के फुलवरिया और श्रीपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस सतर्क हो गई है. सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बाजारों में सघन गश्त अभियान चलाया जा रहा है.
Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार में शनिवार देर शाम ज्वेलरी दुकानदार को गोली मारकर लूटपाट की घटना के बाद फुलवरिया और श्रीपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गयी है. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सोमवार को पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में सघन गश्त अभियान चलाया.
ज्वेलरी दुकानों और वित्तीय संस्थानों के आसपास बढ़ी निगरानी
फुलवरिया पुलिस ने बथुआ, कोयलादेवा और मांझा गोसाईं बाजार में स्थित ज्वेलरी दुकानों के साथ विभिन्न वित्तीय संस्थानों के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ा दी है. पुलिस टीमों ने बाजारों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी.
श्रीपुर क्षेत्र के बाजारों में भी गश्त तेज
श्रीपुर पुलिस ने श्रीपुर, जीन, जनता, मिश्रबतरहां, बंसीबतरहां और पकड़ी श्याम बाजार जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में गश्त तेज कर दी है. पुलिस टीमों की ओर से बाजारों और मुख्य मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है.
संदिग्ध बाइक सवारों की हो रही जांच
हथुआ एसडीपीओ राजकुमार साह ने बताया कि क्षेत्र के व्यावसायिक और वित्तीय प्रतिष्ठानों पर विशेष चौकसी रखी जा रही है. मुख्य सड़कों और चौराहों पर संदिग्ध बाइक सवारों की जांच-पड़ताल की जा रही है. सभी थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिये गये हैं. साथ ही आपराधिक छवि वाले लोगों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है.
पुलिस के अनुसार, बाजारों में व्यापारियों और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए गश्त और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए