मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित थावे दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मंदिर परिसर और हेलीपैड स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर डीएम और एसपी ने थावे दुर्गा मंदिर का किया सुरक्षा निरीक्षण | Prabhat Khabar Network
Gopalganj News: मुख्यमंत्री के संभावित 18 जुलाई के थावे दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मां थावेवाली दुर्गा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया. ड्रोन निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है.
Gopalganj News: मुख्यमंत्री के 18 जुलाई को संभावित थावे दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को जिलाधिकारी समीर सौरव और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने प्रसिद्ध मां थावेवाली दुर्गा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मंदिर परिसर की सुरक्षा और सुविधाओं की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मां थावेवाली दुर्गा मंदिर परिसर, रहषु मंदिर, थावे जंगल, मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, तालाब तथा आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की.
जिलाधिकारी समीर सौरव ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों को मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं.
ड्रोन निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरे से निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं.
हेलीपैड और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की भूमि का भी लिया जायजा
डीएम और एसपी ने मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर मुकेरी टोला में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया. इसके अलावा अधिकारियों ने चनावे में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चिह्नित भूमि का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, बीडीओ प्रियांशी प्रिया, सीओ सुधीर कुमार ओंकारा तथा मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए