गोपालगंज शिक्षक संघ भवन में ताला नहीं खुलने पर आक्रोश, प्रशासन व कोर्ट जाने की चेतावनी
बैठक करते शिक्षक संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता
जिला प्राथमिक शिक्षक संघ ने रविवार को हुई बैठक में शिक्षक संघ भवन के सभा कक्ष का ताला नहीं खोले जाने पर गहरी नाराजगी जताई. सदस्यों ने सामूहिक रूप से आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर प्रशासन व न्यायालय की शरण लेने का संकल्प लिया.
जिला प्राथमिक शिक्षक संघ कैबिनेट की बैठक रविवार को स्थानीय शिक्षक संघ भवन परिसर में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लालदीप नारायण राय ने की. इसमें शिक्षकों की लंबित समस्याओं, संगठन की मजबूती और विभागीय स्तर पर समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
बैठक में प्रधान सचिव बंशीधर मिश्र ने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा. उपप्रधान सचिव अरविंद कुमार तिवारी और अवध बिहारी सिंह ने भी शिक्षकों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और संगठन के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर अपनी बात रखी. इसके बाद सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिये.
बैठक में शिक्षकों के अधिकार, सम्मान और लंबित मामलों के समाधान के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने पर सहमति बनी. सदस्यों ने कहा कि शिक्षकों के हित से जुड़े मामलों में संघ पीछे नहीं हटेगा.
सभा कक्ष का ताला नहीं खुलने पर जतायी नाराजगी
बैठक में शिक्षक संघ भवन के सभा कक्ष का ताला नहीं खोले जाने का मामला प्रमुखता से उठा. संघ की ओर से आरोप लगाया गया कि बार-बार आग्रह के बावजूद पूर्व प्रधान सचिव छोटेलाल गुप्ता द्वारा सभा कक्ष का ताला नहीं खोला जा रहा है.
ताला नहीं खुलने के कारण संघ की बैठक भवन परिसर में दरी बिछाकर आयोजित की गयी. इस मामले को लेकर बैठक में सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया.
प्रशासन और न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सभा कक्ष को लेकर बनी स्थिति आगे भी जारी रही, तो शिक्षक संघ भवन को कथित कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रशासन और न्यायालय की शरण ली जाएगी. संघ ने मामले के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही.
संगठन की एकजुटता बनाए रखने का संकल्प
बैठक में वीरेश्वर सिंह, विक्रमा चौधरी, मनोज कुमार, सुमीत कुमार, पंकज कुमार शुक्ल, सैयद इमाम, राकेश शुक्ला, रामेश्वर मांझी, रविन्द्र यादव, राजेन्द्र प्रसाद, जयश्री प्रसाद, नरेश राम, अमर राय, रामाशंकर चौहान, जसवंत कुमार, अजय सहनी, विजय कुमार सिंह, अजय कुमार, रंजय कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, राजीव रंजन और राज मंगल सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.
बैठक के अंत में सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाये रखने और शिक्षकों के हित में सक्रिय होकर काम करने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए