गोपालगंज के मजदूर की कर्नाटक में पिटाई के बाद मौत, परिजनों ने ‘बिहारी’ कहकर मारपीट का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम के लिए परिजन सदर अस्पताल पंहुचे
कर्नाटक में काम करने गए गोपालगंज के मजदूर चांद मोहम्मद की पिटाई के बाद मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि स्थानीय लोगों ने 'बिहारी' कहकर उसे मारा. यह घटना बिहार के कई मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है.
Bihari Mazdoor Par Hamla: कर्नाटक में स्थानीय लोगों द्वारा कथित रूप से ‘बिहारी’ कहकर मारपीट किये जाने के बाद गंभीर रूप से घायल गोपालगंज के एक मजदूर की बिहार लाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी. मृतक की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के तिवारी मटिहनिया गांव निवासी पीर मोहम्मद के 35 वर्षीय पुत्र चांद मोहम्मद के रूप में हुई है. वह वेल्डिंग का काम करता था और पिछले करीब तीन वर्षों से पुणे में रहकर काम कर रहा था. ठेकेदार के माध्यम से वह वेल्डिंग के काम के लिए कर्नाटक गया था.
परिजनों के अनुसार, कर्नाटक में किसी बात को लेकर चांद मोहम्मद का कुछ स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद के बाद स्थानीय लोगों ने उसके साथ मारपीट की और कथित रूप से ‘बिहारी’ कहकर प्रताड़ित किया. मारपीट में चांद मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना आठ सितंबर की रात की बतायी जा रही है.
अचेत अवस्था में मिला था मजदूर
परिजनों के अनुसार, घटना के अगले दिन सुबह पुलिस ने चांद मोहम्मद को अचेत अवस्था में देखा. इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया गया.
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कर्नाटक पहुंचे. चांद मोहम्मद की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे इलाज के लिए बिहार लेकर आने लगे. इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गयी.
मौत के बाद परिजनों ने स्थानीय थाने में मारपीट करने वाले आरोपितों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

चार बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के चाचा फिरोज आलम ने बताया कि बिहार में काम नहीं मिलने के कारण चांद मोहम्मद करीब तीन वर्षों से पुणे में रहकर वेल्डिंग का काम करता था. ठेकेदार के माध्यम से वह कर्नाटक गया था. वहां स्थानीय लोगों ने कथित रूप से ‘बिहारी’ कहकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज के बाद परिजन चांद मोहम्मद को बिहार लेकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गयी. चांद मोहम्मद अपने पीछे पत्नी, चार बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है. उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है.
परिजनों ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
परिजनों ने घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. चांद मोहम्मद के चाचा फिरोज आलम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलायी जानी चाहिए.
परिजनों ने बिहार सरकार से मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. उनका कहना है कि चांद मोहम्मद परिवार का कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत के बाद पत्नी, चार बेटियों और एक बेटे के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए