जेपीयू की दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार, रोज कॉलेजों का चक्कर लगा रहे हजारों छात्र

कॉलेज में लगी छात्राओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network
जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) की स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार छात्रों की बेचैनी बढ़ा रहा है. पहली सूची में जगह न मिलने वाले हजारों छात्र-छात्राएं कॉलेजों के चक्कर लगा रहे हैं. जानें क्या है अपडेट और आगे क्या विकल्प हैं.
Gopalganj News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार छात्रों की बेचैनी बढ़ा रहा है. पहली मेरिट लिस्ट में नाम नहीं आने वाले हजारों छात्र-छात्राएं इन दिनों जिले के अंगीभूत, संबद्ध और राजकीय डिग्री कॉलेजों का लगातार चक्कर लगा रहे हैं. अगली सूची को लेकर छात्रों और अभिभावकों की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन पर टिकी हुई हैं.
दावेदारों का मौका समाप्त
कोई छात्र कॉलेज कार्यालय में दूसरी सूची जारी होने की संभावित तिथि की जानकारी ले रहा है तो कोई विभिन्न विषयों में खाली सीटों की वास्तविक स्थिति जानने पहुंच रहा है. विश्वविद्यालय ने पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन की अंतिम तिथि 8 जुलाई निर्धारित की थी. इस पहली सूची में चयनित होने के बावजूद जो अभ्यर्थी समय पर नामांकन नहीं करा सके हैं, उनका दावा अब स्वतः समाप्त माना जाएगा.
कॉलेजों में बढ़ी पूछताछ
निर्धारित अवधि में जिले के विभिन्न डिग्री कॉलेजों में करीब चार हजार छात्र-छात्राओं ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लिया है. अब बची हुई उन्हीं रिक्त सीटों पर दूसरी मेरिट लिस्ट के माध्यम से नए योग्य अभ्यर्थियों को नामांकन का मौका मिलेगा. नामांकन की पहली तिथि समाप्त होने के बाद जिले के कई प्रमुख कॉलेजों में दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया को लेकर आम पूछताछ बहुत ज्यादा बढ़ गई है.
छह हजार सीटें खाली
गोपालगंज जिले के अंगीभूत, संबद्ध एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय को मिलाकर कुल करीब 10 हजार सीटों पर नामांकन होना है. पहले चरण की काउंसिलिंग और दाखिले के बाद करीब चार हजार सीटें ही भर सकी हैं. जिले के कॉलेजों में अभी भी लगभग छह हजार सीटें पूरी तरह खाली हैं. इन रिक्त सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय दूसरी और तीसरी मेरिट लिस्ट जारी करेगा.
मांगा गया रिक्तियों का ब्योरा
विश्वविद्यालय ने पहली मेरिट लिस्ट में करीब 4 हजार सात सौ अभ्यर्थियों का चयन किया था, जिनमें से चार हजार के करीब छात्र-छात्राओं ने ही अंततः दाखिला लिया है. जेपीयू मुख्यालय ने अब सभी अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों से रिक्त सीटों का संकायवार ब्योरा मांगा है, ताकि इसके आधार पर दूसरी मेरिट लिस्ट तैयार कर जल्द से जल्द आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जा सके.
स्पॉट एडमिशन का विकल्प
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया है कि यदि दूसरी सूची के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं, तो नियमानुसार तीसरी मेरिट लिस्ट और अंत में स्पॉट एडमिशन की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाएगी. दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार कर रहे गोपालगंज के हजारों छात्र-छात्राओं को पूरी उम्मीद है कि इस बार उन्हें उनके मनपसंद कॉलेज और मुख्य विषय (ऑनर्स) में नामांकन का बेहतर अवसर मिल जाएगा.
Also Read: गोपालगंज में 12 जुलाई को प्रतियोगिता परीक्षा, 4 केंद्रों पर 2,976 अभ्यर्थियों पर रहेगी कड़ी निगरानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










