गोपालगंज में 12 जुलाई को प्रतियोगिता परीक्षा, 4 केंद्रों पर 2,976 अभ्यर्थियों पर रहेगी कड़ी निगरानी

परीक्षा में प्रतिनियुक्त अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम
गोपालगंज में 12 जुलाई को अवर निरीक्षक व निरीक्षक पदों के लिए प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन होगा. 4 केंद्रों पर 2,976 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं.
Gopalganj News: गोपालगंज में अवर निरीक्षक, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा निरीक्षक, मद्यनिषेध के पदों पर 12 जुलाई को होने वाली प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर 2,976 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हर केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी समीर सौरभ ने शुक्रवार को अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा. गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई की जाएगी. समाहरणालय में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया है.
सघन जांच का निर्देश
डीएम ने कहा कि अभ्यर्थियों की सघन जांच, विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए. किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा 12 जुलाई को एक ही पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा.
पहचान पत्र लाना अनिवार्य
निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रवेश से पहले सभी की पहचान की जांच और सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी. सभी अभ्यर्थियों के लिए इ-एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा. मान्य पहचान पत्रों के रूप में मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य सरकारी पहचान पत्र मान्य होंगे.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक
यदि प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर स्पष्ट नहीं होगी तो राजपत्रित पदाधिकारी से सत्यापित फोटो और निर्धारित घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा. परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर सहित किसी भी संचार उपकरण को ले जाने की अनुमति नहीं होगी. सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश द्वार पर सघन मेटल डिटेक्टर से जांच होगी.
कानूनी धाराओं में कार्रवाई
प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों पर बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की सेटिंग या पैरवी करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल भी सक्रिय रहेगा.
Also Read: गोपालगंज के यात्रियों को बड़ी सौगात, थावे होकर चलेगी छपरा-पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










