गोपालगंज: राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड 2026 के लिए 31 जुलाई तक पंजीकरण, कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र ले सकेंगे भाग

Updated:
विज्ञापन
फोटो-2001- बैकुंठपुर के स्कूल में छात्र-छात्राओं को जानकारी देते शिक्षक | Prabhat Khabar Network

बैकुंठपुर के स्कूल में छात्र-छात्राओं को जानकारी देते शिक्षक | Prabhat Khabar Network

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप, राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड (एनएमओ)-2026 का आयोजन किया जा रहा है. कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र तार्किक चिंतन और समस्या समाधान कौशल विकसित करने के लिए भाग ले सकते हैं.

विज्ञापन

National Mathematics Olympiad 2026: राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एसई) के उद्देश्यों के अनुरूप देशभर के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड (एनएमओ)-2026 का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता का आयोजन मैथमेटिक्स रिसर्च फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम के आधार पर किया जा रहा है. इसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या समाधान कौशल, गणितीय अभिरुचि तथा नवाचारपूर्ण सोच का विकास करना है.

चार चरणों में होगी परीक्षा, जानिए पूरा कार्यक्रम

राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड 2026 चार चरणों में आयोजित किया जाएगा.

  • पहली परीक्षा: 24 अगस्त 2026, पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026
  • दूसरी परीक्षा: 23 सितंबर 2026, आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026
  • तीसरी परीक्षा: 28 अक्टूबर 2026, आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026
  • चौथी परीक्षा: 25 नवंबर 2026, पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026

बिहार बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे.

एमसीक्यू आधारित होगी परीक्षा, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा आर्यभट्ट पुरस्कार

परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्न (एमसीक्यू) आधारित होगी. विद्यार्थियों को ओएमआर उत्तर-पत्रक उपलब्ध कराया जाएगा तथा परीक्षा की अवधि एक घंटा होगी. प्रश्नपत्र एनसीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित रहेगा.

सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक, प्रशस्ति-पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे. राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित आर्यभट्ट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.

कक्षा 2 से 12वीं तक के योग्य विद्यार्थियों के लिए द्वितीय चरण (मेंस) की परीक्षा भी आयोजित होगी. आवश्यकता पड़ने पर रैंक निर्धारण के लिए साक्षात्कार भी लिया जा सकता है.

150 रुपये पंजीकरण शुल्क, विद्यालयों को समय पर कराना होगा आवेदन

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रति विद्यार्थी 150 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. इसमें से 25 रुपये प्रति विद्यार्थी विद्यालय परीक्षा संचालन एवं अन्य व्यवस्थागत खर्च के लिए रख सकेंगे.

इच्छुक विद्यालयों को चयनित परीक्षा तिथि से कम से कम 20 दिन पहले पंजीकरण प्रपत्र और आवश्यक विवरण राष्ट्रीय गणित ओलिंपियाड प्रकोष्ठ को भेजना होगा. पंजीकरण डाक, ई-मेल तथा व्हाट्सएप के माध्यम से भी किया जा सकेगा. पाठ्यक्रम और नमूना प्रश्न-पत्र संबंधित संस्था की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं.

अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), बिहार के विज्ञान एवं गणित विभाग के विभाग प्रभारी डॉ. राधे रमण प्रसाद ने इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है.

इसके बाद प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ ने जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, गणित में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए तथा समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जिले के अधिकाधिक छात्र-छात्राएं इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का लाभ उठा सकें.

Also Read : 7 घंटे बोरवेल में फंसा रहा पीयूष, एक आंसू भी नहीं बहाया, हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, हिम्मत ने जीत लिया सबका दिल


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन