गोपालगंज: दानेश्वर नाथ मंदिर के विकास की तैयारी तेज, पहुंच पथ के लिए अधिकारियों ने किया स्थल सर्वे
निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
मांझा के प्राचीन दानेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रशासनिक पहल तेज, अधिकारियों ने किया स्थल का सर्वे।
Gopalganj News : मांझा प्रखंड के दानापुर स्थित प्राचीन श्री दानेश्वर नाथ मंदिर को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गई है. मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पहुंच पथ निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं. इसी क्रम में शनिवार को अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर स्थलीय सर्वेक्षण किया.
आपके शहर में
मंदिर परिसर और आसपास की जमीन का लिया जायजा
सर्वेक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए उपलब्ध भूमि, स्थल की स्थिति और अन्य जरूरी बिंदुओं की जानकारी जुटाई गई. अधिकारियों की टीम ने मंदिर तक पहुंच पथ निर्माण के लिए संभावित स्थल का भी जायजा लिया.
विधायक की पहल के बाद तेज हुई कार्रवाई
बताया जाता है कि श्री दानेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र के प्राचीन और प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. विभिन्न पर्व-त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. मंदिर तक बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही थी.
स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा में प्रश्न उठाकर मंदिर के विकास और पहुंच पथ निर्माण की आवश्यकता पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था. इसके बाद उन्होंने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर भूमि अधिग्रहण समेत आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया था. इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर स्थल सर्वे की कार्रवाई शुरू हुई है.
पहुंच पथ बनने से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर स्थल की वास्तविक स्थिति का आकलन किया. मंदिर तक सुगम पहुंच पथ बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. खासकर पर्व-त्योहारों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा.
धार्मिक पर्यटन की बढ़ सकती हैं संभावनाएं
प्राचीन श्री दानेश्वर नाथ मंदिर के विकास को लेकर प्रशासनिक पहल से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में उम्मीद जगी है. लोगों का मानना है कि मंदिर तक बेहतर पहुंच पथ के साथ अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित होने पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ सकती है. इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि प्रस्तावित विकास कार्य जमीन पर उतरते हैं तो दानापुर स्थित श्री दानेश्वर नाथ मंदिर को क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में नई पहचान मिल सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए