गोपालगंज की सोनी गुप्ता ने देहरादून के राष्ट्रीय राइफल शूटिंग में लहराया परचम, सातवीं रैंक के साथ अगले चरण में चयन
राइफल शूटिंग के दौरान हथियार के साथ सोनी | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज की सोनी गुप्ता ने 45वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. 50 मीटर राइफल स्पर्धा में सातवीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने राष्ट्रीय टीम के अगले चरण के लिए जगह बनाई है. उनकी इस उपलब्धि से मीरगंज और पूरे जिले में जश्न का माहौल है.
Gopalganj News : गोपालगंज के मीरगंज की बेटी सोनी गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर की राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है. देहरादून में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में सोनी ने 50 मीटर राइफल शूटिंग स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ियों के बीच सातवीं रैंक हासिल की. इस प्रदर्शन के बाद उनका राष्ट्रीय टीम के अगले चरण के लिए भी चयन हुआ है. सोनी की उपलब्धि से उनके परिवार के साथ मीरगंज और पूरे गोपालगंज जिले में खुशी का माहौल है.
दिल्ली में जीत चुकी हैं स्वर्ण पदक
सोनी इससे पहले दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं. लगातार बेहतर प्रदर्शन के पीछे उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति लगन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सोनी के खेल को आगे बढ़ाने में बाबा गणिनाथ ट्रस्ट, मुकुंदपुर, दिल्ली का भी सहयोग रहा है.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के बाद सोनी के परिवार और शुभचिंतकों में उत्साह है. उनकी उपलब्धि को जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मीरगंज से जिले तक मिल रही बधाइयां
सोनी की सफलता की खबर मिलने के बाद मीरगंज समेत जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है. हथुआ विधायक रामसेवक सिंह, पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, न्यू ज्ञानलोक कॉम्पिटिशन स्कूल के एमडी पंचालाल गुप्ता, डॉ. आरती कुमारी और डॉ. सुनील कुमार समेत कई लोगों ने सोनी को बधाई दी.
स्थानीय लोगों ने कहा कि सोनी की उपलब्धि जिले के युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायी है. राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन से मीरगंज के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए