अवैध बालू लदे ट्रक को रोकना पड़ा भारी, सिपाही की बाइक में मारी टक्कर, पैर कुचलकर चालक फरार
दुर्घटनाग्रस्त बाइक
यूपी-बिहार सीमा पर अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक सिपाही पर जानलेवा हमला हुआ. लाल बालू लदे ट्रक से कुचलकर जवान का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Truck driver abscondin: उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर बालू के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बुधवार देर रात दुस्साहसिक घटना सामने आयी. बिहार से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे लाल बालू लदे ट्रक को रोकने का प्रयास कर रहे पुलिस सिपाही की बाइक में चालक ने टक्कर मार दी. इसके बाद सड़क पर गिरे सिपाही के ऊपर ट्रक चढ़ा दिया. हादसे में सिपाही का बायां पैर बुरी तरह कुचल गया, जबकि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी.
आपके शहर में
घटना उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र की बहादुरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत एनएच-27 पर सलेमगढ़-सिअरहा गांव के समीप बुधवार रात करीब दो बजे हुई. घायल सिपाही की पहचान 24 वर्षीय बृजेश मणि त्रिपाठी, निवासी सुल्तानपुर, के रूप में हुई है. वह वर्ष 2025 बैच के आरक्षी हैं और करीब दो माह पहले ही बहादुरपुर चौकी में तैनात हुए थे.
रोकने का इशारा किया तो चालक ने बढ़ा दी रफ्तार
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात बृजेश मणि त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ एनएच-27 पर बिहार से उत्तर प्रदेश आने वाली लेन में ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान बिहार की ओर से लाल बालू लदा एक ट्रक आता दिखाई दिया. पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और उत्तर प्रदेश की सीमा में भागने लगा.
बाइक से पीछा कर रहे थे सिपाही
ट्रक को भागता देख सिपाही बृजेश मणि त्रिपाठी बाइक से उसका पीछा करने लगे. सलेमगढ़ में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पूर्वी कट के पास उन्होंने ट्रक से आगे निकलकर उसे रोकने का प्रयास किया.
आरोप है कि इसी दौरान चालक ने ट्रक से सिपाही की बाइक में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर लगने से सिपाही सड़क पर गिर गये. इसके बाद चालक ने ट्रक उनके ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उनका बायां पैर पहिए के नीचे आ गया.
ट्रक लेकर बिहार की ओर भाग निकला चालक
घटना के बाद चालक सड़क के कट का फायदा उठाकर ट्रक को वापस बिहार की ओर मोड़कर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही बहादुरपुर चौकी और तरयासुजान थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने घायल सिपाही को तत्काल गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बथनाकुट्टी के पास से ट्रक जब्त
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव और तरयासुजान थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भाग रहे ट्रक को बिहार के बथनाकुट्टी एनएच-27 के पास से जब्त कर लिया.
चालक की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
सीओ तमकुहीराज ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में लदा बालू कहां से लाया गया था और उसे कहां ले जाया जा रहा था.
अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई के दौरान हुई घटना
बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जाती रही है. इसी कार्रवाई के दौरान सिपाही के साथ हुई घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं. पुलिस अब पूरे मामले की जांच के साथ बालू के अवैध परिवहन से जुड़े नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
