गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत, सुसाइड-हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
-घटना स्थल की जांच करती पुलिस टीम | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की लाश कमरे में फंदे से लटकी मिली है. छात्रा की मौत सुसाइड है या हत्या, यह सवाल पुलिस के लिए एक पहेली बना हुआ है. मौके से मिले सबूत और परिजनों के बयान के आधार पर जांच जारी है.
NEET Student Protest : शहर के श्याम सिनेमा रोड में रविवार की देर शाम नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में पुलिस जांच में जुटी है. छात्रा की मौत सुसाइड है या हत्या, यह सवाल अब भी बना हुआ है. घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी थी, लेकिन अब तक पुलिस को परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गयी है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
घटना स्थल से मिले ब्लड के सैंपल को एफएसएल की टीम ने जांच के लिए भेजा है. वहीं पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस ने मृतका के मोबाइल की सीडीआर भी निकाली है और उसके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
एक साल से गोपालगंज में रहकर कर रही थी पढ़ाई
मृतका की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव निवासी रघुनाथ शर्मा की 20 वर्षीय पुत्री उजाला कुमारी के रूप में हुई है. वह पिछले एक साल से गोपालगंज के श्याम सिनेमा रोड में किराये का कमरा लेकर रह रही थी. वह बीएसी की छात्रा थी और इसी दौरान नीट की ऑनलाइन तैयारी भी कर रही थी.
रविवार की देर शाम उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. बाद में परिजन भी मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जतायी.
खुले दरवाजे ने खड़े किये कई सवाल
पुलिस की जांच में घटना स्थल से कुछ ऐसे तथ्य सामने आये हैं, जिनसे कई सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस के अनुसार कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था. ऐसे में दरवाजा खुला छोड़कर सुसाइड करने की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है.
कमरे में छात्रा का मोबाइल मिला था, जबकि सामान भी बिखरा हुआ नहीं था. ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कमरे का दरवाजा बाहर से किसने सटाया था और घटना से पहले कमरे में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं.
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
घटना स्थल से मिले ब्लड के सैंपल को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है. इसके अलावा पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है. इन दोनों रिपोर्ट के आधार पर छात्रा की मौत से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है.
पुलिस छात्रा के मोबाइल की सीडीआर के साथ-साथ आसपास के लोगों, मकान मालिक और अन्य किरायेदारों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए