गोपालगंज: हथुआ में 10 साल बाद भी सूखी पड़ी नल-जल योजना की टंकी, पानी को तरस रहे वार्ड 11-12 के लोग
उपेक्षित पड़ा पानी टंकी | Prabhat Khabar Network
हथुआ नगर परिषद में सात निश्चय योजना की पानी टंकी निर्माण के 10 साल बाद भी सूखी पड़ी है. वार्ड 11 और 12 के सैकड़ों परिवार आज भी पीने के पानी को तरस रहे हैं. योजना फाइलों में पूरी, पर धरातल पर कोई लाभ नहीं.
Gopalganj News: हथुआ नगर परिषद के वार्ड संख्या 11 और 12 में सात निश्चय योजना के तहत बनी पानी की टंकी विभागीय अनदेखी का शिकार होकर महज एक शोपीस बनकर रह गई है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब एक दशक पूर्व लाखों रुपये खर्च कर पानी टंकी का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन आज तक इस योजना से एक बूंद पानी भी किसी घर तक नहीं पहुंच सका है.
पाइपलाइन बिछी पर घरों तक नहीं पहुंचा पानी
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी ढांचा तैयार होने और योजना का निर्माण कार्य पूरा दिखाए जाने के बावजूद पाइपलाइन से जलापूर्ति कभी शुरू नहीं हो सकी. नतीजतन दोनों वार्डों के सैकड़ों परिवार आज भी चापाकल, निजी बोरिंग या दूर-दराज से पैसे खर्च कर पीने का पानी जुटाने को मजबूर हैं.
फाइलों में योजना पूरी पर धरातल पर संकट
वार्डवासियों के मुताबिक सरकारी दस्तावेजों में योजना को पूरी तरह पूर्ण दर्ज कर दिया गया है, मगर धरातल पर लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिला. नागरिकों ने कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन सौंपकर समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही हाथ लगा और कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
तकनीकी जांच और लापरवाहों पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की सुस्त कार्यशैली पर गहरा आक्रोश जताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और तकनीकी जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि योजना चालू न होने के कारणों का खुलासा किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए