गोपालगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, डॉक्टर से रंगदारी मांगने वाला 50 हजार का इनामी यूपी से गिरफ्तार, प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा बिहार
धनघटा थाना
लालाछापर लूटकांड के मुख्य सूत्रधार और 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मनिंद्र मिश्रा को उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है. गोपालगंज पुलिस की सूचना पर यूपी पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है. मनिंद्र मिश्रा को पूछताछ के लिए बिहार लाया जाएगा.
Lalachhapar Loot Case: लालाछापर लूटकांड के मुख्य सूत्रधार और 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मनिंद्र मिश्रा को गोपालगंज पुलिस के इनपुट पर उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया. गोपालगंज पुलिस और टेक्निकल सेल की सूचना के आधार पर यूपी पुलिस ने धनघटा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे दबोचा. गिरफ्तारी के बाद भोरे पुलिस की टीम भी धनघटा पहुंची और आरोपित से पूछताछ कर उसके नेटवर्क तथा पनाहगारों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है.
आपके शहर में
किराये के मकान में ठिकाना बनाकर रह रहा था मनिंद्र
गोपालगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि मनिंद्र मिश्रा उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले के धनघटा थाना अंतर्गत पॉली चौकी क्षेत्र की एक घनी बस्ती में ठिकाना बनाकर रह रहा है. सूचना मिलते ही गोपालगंज पुलिस की टेक्निकल सेल और एसटीएफ की टीम सक्रिय हो गयी.
पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह तड़के अपने किराये के आवास पर पहुंचने वाला है. इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकाने के आसपास घेराबंदी कर जाल बिछाया. हालांकि, किसी कारणवश वह उस समय वहां नहीं पहुंचा.
यूपी पुलिस के साथ समन्वय कर हुई गिरफ्तारी
मनिंद्र के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के बाद गोपालगंज पुलिस ने तत्काल धनघटा थाना पुलिस से संपर्क किया और पूरा इनपुट साझा किया. इसी बीच धनघटा पुलिस को अपने स्थानीय मुखबिर से उसके आने की पुख्ता सूचना मिली.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर मनिंद्र मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 1.600 ग्राम गांजा बरामद होने की बात सामने आयी. इस मामले में धनघटा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया.
भोरे थानाध्यक्ष के नेतृत्व में धनघटा पहुंची टीम
मनिंद्र मिश्रा की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय के नेतृत्व में गोपालगंज पुलिस की विशेष टीम धनघटा थाना पहुंची. टीम ने गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की और उसके हालिया ठिकानों तथा संपर्कों से संबंधित जानकारी जुटायी.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संतकबीर नगर की घनी बस्ती में मनिंद्र को ठिकाना उपलब्ध कराने में किन लोगों की भूमिका थी.
पनाहगारों और आर्थिक मददगारों की भी होगी जांच
पुलिस मनिंद्र मिश्रा के पनाहगारों, सहयोगियों और आर्थिक मददगारों की पहचान करने में जुटी है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों से मदद मिलती रही.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आयेगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.
लालाछापर लूटकांड और रंगदारी मामले में रिमांड की तैयारी
गोपालगंज पुलिस मनिंद्र मिश्रा को लालाछापर लूटकांड और डॉक्टर से रंगदारी मांगने के मामले में पूछताछ के लिए गोपालगंज लाने की तैयारी में है. इसके लिए न्यायालय में प्रोडक्शन वारंट की अर्जी दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
गोपालगंज पुलिस को उम्मीद है कि आरोपित से पूछताछ के बाद लूटकांड और रंगदारी मामले से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं.
टेक्निकल सेल और एसटीएफ के इनपुट से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि मनिंद्र मिश्रा की गतिविधियों पर टेक्निकल सेल और एसटीएफ की टीम लगातार नजर रख रही थी. सटीक इनपुट मिलने के बाद यूपी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गयी.
उन्होंने बताया कि भोरे थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर अहम सुराग जुटाये हैं. मनिंद्र को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर गोपालगंज लाया जायेगा. पुलिस उसके पनाहगारों और सहयोगियों की भी पहचान कर रही है.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
