गोपालगंज में सरकारी भवनों का होगा कायाकल्प, 30 नवंबर तक मरम्मत व रंग-रोगन पूरा करने का लक्ष्य
तैयारी को लेकर बैठक करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
जिले के सभी सरकारी भवनों को चमकाने की तैयारी शुरू हो गई है. सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत 30 नवंबर तक मरम्मत व पेंटिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य है. इस अभियान की निगरानी ऐप से होगी.
Gopalganj News: सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी भवनों की मरम्मत और पेंटिंग का काम छठ पूजा से पहले पूरा करने की तैयारी शुरू हो गयी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प पोर्टल तथा ऐप भी जारी किया है. कलेक्ट्रेट स्थित एनआइसी से डीएम समीर सौरभ, डीडीसी गौरव कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर और स्वच्छ बनाने पर जोर
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी सार्वजनिक सुविधाओं और परिसंपत्तियों को बेहतर और स्वच्छ बनाने की योजना है. इसके साथ ही नयी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए तय समयसीमा के तहत योजनाओं को चिह्नित कर संबंधित कार्यों को पूरा कराया जायेगा.
30 नवंबर तक जीर्णोद्धार व मरम्मत का लक्ष्य
अभियान के तहत आधारभूत ढांचे के जीर्णोद्धार, रंग-रोगन और मरम्मत आदि कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. विद्यालय, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य भवनों में जरूरत के अनुसार रंग-रोगन एवं मरम्मत का काम कराया जाना है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि महापर्व छठ से पहले इन कार्यों को पूरा कर लिया जाये.
नये निर्माण के लिए 31 मार्च 2027 की समयसीमा
अभियान के तहत यदि किसी स्थान पर नये निर्माण का काम होना है, तो उसे पूरा करने के लिए 31 मार्च 2027 तक का लक्ष्य रखा गया है. योजना को चिह्नित करने से लेकर निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने तक की प्रक्रिया की लगातार निगरानी पोर्टल और ऐप के माध्यम से की जा सकेगी.
नियमित समीक्षा करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को पोर्टल एवं ऐप की मदद से अविलंब योजनाओं की जानकारी दर्ज करने और अभियान को सफल बनाने के लिए नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए