गोपालगंज के मीरगंज में गणेश प्रतिमा विसर्जन पर निकली भव्य शोभायात्रा, भारत के मानचित्र की झांकी रही आकर्षण का केंद्र
प्रतिमा को लेकर विसर्जित करने जाते भक्त | Prabhat Khabar Network
मीरगंज में गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ. भारत के मानचित्र की झांकी शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रही. नमाज और गणेश स्तुति के बीच आपसी सौहार्द का अनूठा दृश्य भी देखने को मिला.
Gopalganj News : गणेश उत्सव के समापन पर शुक्रवार को मीरगंज में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा. मील रोड, स्टेशन रोड, हनुमानगढ़ी और कचहरी रोड स्थित पूजा पंडालों से भगवान गणेश की प्रतिमाओं के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. ढोल-ताशे और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष करते हुए नगर भ्रमण पर निकले.
भारत के मानचित्र की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ कई आकर्षक झांकियां शामिल की गयी थीं. इनमें भारत के मानचित्र की झांकी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही. शोभायात्रा के मार्ग पर जगह-जगह भगवा झंडे नजर आये. साथ ही एसपी और डीएम गोपालगंज से संबंधित बैनर-पोस्टर भी लगाए गये थे.
शोभायात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच आगे बढ़ते रहे. पूरे मार्ग में उत्सव का माहौल बना रहा.
नगर भ्रमण के बाद इटवा धाम में हुआ विसर्जन
मीरगंज के विभिन्न इलाकों से निकली शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद इटवा धाम पहुंची. यहां विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
नमाज और गणेश स्तुति के बीच दिखा आपसी सौहार्द
शोभायात्रा के दौरान सब्जी मंडी मस्जिद के पास आपसी सौहार्द का दृश्य भी देखने को मिला. एक ओर मस्जिद में नमाज अदा की जा रही थी, वहीं पास स्थित गणेश पूजा पंडाल में गणेश स्तुति चल रही थी. इसी दौरान विसर्जन जुलूस मस्जिद के पास से होकर गुजरा.
मौके पर दोनों धार्मिक गतिविधियां अपने-अपने तरीके से जारी रहीं. आसपास मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य शहर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की तस्वीर पेश कर रहा था.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए