गोपालगंज में वरीय अधिकारी से अमर्यादित व्यवहार पर राजस्व कर्मचारी निलंबित, 3 दिन में मांगा आरोप-पत्र
गोपालगंज डीएम
जिलाधिकारी ने अनुशासनहीनता के आरोप में उचकागांव अंचल के राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया है. सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान यह घटना हुई थी. तीन दिनों के भीतर आरोप-पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया है.
Revenue Employee Suspended: जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई करते हुए उचकागांव अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी रंजीत कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. रंजीत कुमार यादव ग्राम पंचायत जमसड़ में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे.
सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान हुआ विवाद
बीडीओ उचकागांव और एसडीएम हथुआ की ओर से उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. प्रतिवेदन के अनुसार जमसड़ पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान रंजीत कुमार यादव ने वरीय पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार किया.
प्रतिवेदन में आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग, बहस और धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है. प्रशासन के अनुसार इस व्यवहार से सरकारी कार्य के निष्पादन और सहयोग शिविर के पर्यवेक्षण में व्यवधान उत्पन्न हुआ तथा असहज स्थिति बनी.
बिहार सरकारी सेवक नियमावली के तहत कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार उपलब्ध प्रतिवेदन के आधार पर रंजीत कुमार यादव का आचरण प्रथम दृष्टया सरकारी सेवक के लिए अपेक्षित आचरण के प्रतिकूल और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय, कटेया निर्धारित किया गया है. इस अवधि में नियमानुसार नियम-10 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा.
तीन दिन में आरोप-पत्र तैयार करने का निर्देश
विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया के तहत अनुमंडल पदाधिकारी, हथुआ को रंजीत कुमार यादव के विरुद्ध विहित प्रपत्र में आरोप-पत्र तैयार करने का निर्देश दिया गया है. संबंधित साक्ष्यों के साथ आरोप-पत्र तीन दिनों के अंदर उपलब्ध कराने को कहा गया है.
जिला प्रशासन ने कहा है कि सरकारी कार्य के निष्पादन में अनुशासनहीनता, वरीय पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित आचरण अथवा प्रशासनिक कार्य में व्यवधान को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए