गोपालगंज में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल, गठित हुई 'पुलिस दीदी टीम'

Author Manish Raj|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
गोपालगंज पुलिस की पहल: मनचलों पर शिकंजा, बेटियों की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ टीम सक्रिय

प्रतीकात्मक तस्वीर

Gopalganj News : गोपालगंज पुलिस ने महिला सुरक्षा और बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए 'पुलिस दीदी टीम' यानी 'अभया ब्रिगेड' का गठन किया है. यह टीम स्कूलों, कॉलेजों में जाकर छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाएगी और जागरूक करेगी. 'ऑपरेशन विधि पालक' के तहत मनचलों पर सख्त कार्रवाई होगी.

विज्ञापन

Gopalganj News : महिला सुरक्षा और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में गोपालगंज पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है. बिहार पुलिस (कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग) के निर्देश पर जिले में 'पुलिस दीदी टीम' यानी 'अभया ब्रिगेड' का गठन किया गया है. यह विशेष टीम स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उन्हें जागरूक भी कर रही है.

'ऑपरेशन विधि पालक' के तहत मनचलों पर होगी सख्त कार्रवाई

इस अभियान के तहत 'ऑपरेशन विधि पालक' चलाया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य मनचलों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना तथा महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना और आत्मविश्वास बढ़ाना है. पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जाएगी.

छात्राओं को दिए जा रहे कानूनी और साइबर सुरक्षा के टिप्स

'पुलिस दीदी टीम' छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है. इसके अलावा स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और बाजार जैसे संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त भी की जाएगी, ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियां कर सकें.

शिकायत मिलने पर होगी त्वरित कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित महिलाओं और छात्राओं को काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी समस्या पुलिस के सामने रख सकें.

एसपी ने महिलाओं से की आगे आने की अपील

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें. ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.

आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

किसी भी आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा जिला हेल्पलाइन 9031827299 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read : गया जी में 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय पीयूष को 7 घंटे बाद सकुशल निकाला, NDRF-SDRF के सफल रेस्क्यू से गांव में खुशी


विज्ञापन
Manish Raj

लेखक के बारे में

By Manish Raj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन