गोपालगंज: वित्त रहित शिक्षकों के समर्थन में कांग्रेस का धरना, सरकार को बड़े आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन
फोटो नं 14- आंबेडकर चौक पर धरना पर बैठे कांग्रेस नेता | Prabhat Khabar Network

आंबेडकर चौक पर धरना पर बैठे कांग्रेस नेता

गोपालगंज में वित्त रहित शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं ने सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण, वेतनमान और पेंशन की मांग उठाते हुए सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.

विज्ञापन

Gopalganj News: जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कांग्रेस सेवा दल के आंदोलन के तहत आंबेडकर चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. इस दौरान बिहार सरकार से राज्य के वित्त रहित विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में वर्षों से कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के हित में तत्काल ठोस निर्णय लेने की मांग की गई.

वित्त रहित शिक्षकों को नियमित दर्जा देने की मांग

धरना में पहुंचे बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ संजय यादव ने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में वित्त रहित शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इसके बावजूद उन्हें नियमित शिक्षकों के समान वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से वंचित रखा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

कांग्रेस ने उठाई सेवा सुरक्षा और पेंशन की मांग

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त की जाए, वित्त रहित शिक्षण संस्थानों का समायोजन किया जाए तथा वर्षों से कार्यरत योग्य शिक्षकों को नियमित शिक्षक का दर्जा देकर सम्मानजनक वेतनमान दिया जाए. साथ ही शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और अन्य आवश्यक सेवा लाभ उपलब्ध कराए जाएं.

अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का ऐलान

कांग्रेस सेवा दल के बिहार प्रभारी मोहम्मद अफरोज़ खान ने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों की लड़ाई केवल वेतन की नहीं बल्कि शिक्षा के सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई है. कांग्रेस पार्टी शिक्षकों की आवाज हर मंच पर उठाती रहेगी और उनके अधिकारों की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

धरना-प्रदर्शन में सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमनाथ राय शर्मा, मुस्ताक अली, सत्तार अली, मुकेश कुमार, प्रो दिनेश मिश्रा, प्रो चुनु मिश्रा, शकील अख्तर सहित बड़ी संख्या में वित्त रहित शिक्षक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.


विज्ञापन
Sanjay Kumar Abhay

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Abhay

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन