बिना डर के दर्ज कराएं शिकायत, पहचान रहेगी गोपनीय: हथुआ के कस्तूरबा विद्यालयों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर'
विद्यार्थी सहयोग शिविर में मौजूद छात्राएं
हथुआ अनुमंडल के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया, जहाँ छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा. इस पहल का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है.
Student Support Camp: शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान की दिशा में बिहार सरकार की पहल के तहत मंगलवार को हथुआ अनुमंडल के सभी सात प्रखंडों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
आपके शहर में
छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक, छात्रावास से संबंधित समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखा. विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं अन्य समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निष्पादन करना है.
प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाना निर्धारित है. शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
18 आवेदन मिले, छह का मौके पर निष्पादन
आयोजित शिविरों में आवासीय विद्यार्थियों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गयी. उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों को पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया.
हथुआ अनुमंडल के विभिन्न KGBV में आयोजित शिविरों में कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से छह का मौके पर निष्पादन किया गया. प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर की गयी है. शेष आवेदनों का संबंधित पदाधिकारियों द्वारा नियमानुसार समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जायेगा.
KGBV हथुआ में अधिकारियों ने छात्राओं से किया संवाद
KGBV हथुआ में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी, हथुआ और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ शामिल हुए. अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के उद्देश्य, प्रक्रिया और उपयोगिता की जानकारी दी.
छात्राओं को बताया गया कि विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों को सामने रखने के लिए प्रभावी मंच प्रदान करता है. छात्रावास में पेयजल, भोजन, सुरक्षा, साफ-सफाई, शैक्षणिक सुविधाओं और छात्रावास व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायत या सुझाव इस माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है.
अधिकारियों ने छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गोपनीय
शिविर में छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की गोपनीयता व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गयी. उन्हें बताया गया कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों में आवेदक की पहचान सार्वजनिक नहीं की जायेगी.
इससे विद्यार्थी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं या सुझावों को साझा कर सकेंगे. अधिकारियों ने छात्राओं से किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की.

टोल फ्री नंबर 1100 की भी दी गयी जानकारी
छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग कार्यक्रम के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1100 की भी जानकारी दी गयी. छात्राएं इस माध्यम से अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को साझा कर सकती हैं.
विशेष रूप से पेयजल, भोजन, सुरक्षा और ईव-टीजिंग (छेड़खानी) आदि से संबंधित समस्याओं की सूचना देने के लिए इस सुविधा का उपयोग किया जा सकता है.
विद्यार्थियों को मिला अपनी बात रखने का मंच
विद्यार्थी सहयोग शिविर के आयोजन से KGBV में आवासित बालिकाओं में संतुष्टि और उत्साह का माहौल देखने को मिला. छात्राओं ने कहा कि उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनने के लिए इस तरह का मंच उपलब्ध कराया जाना महत्वपूर्ण है.
छात्राओं ने बिहार सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में सराहनीय कदम बताया.
अगला शिविर 22 सितंबर को
हथुआ अनुमंडल के सभी KGBV में विद्यार्थी सहयोग शिविर के अगले चरण का आयोजन 22 सितंबर 2026 को निर्धारित किया गया है. प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गयी है कि वे अपनी शैक्षणिक, छात्रावास एवं अन्य समस्याओं तथा सुझावों को इस मंच के माध्यम से साझा करें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए