गोपालगंज में जनगणना की तैयारी तेज, गांवों का आधारभूत डाटा होगा अपडेट

प्रतीकात्मक तस्वीर
Gopalganj News : गोपालगंज सदर प्रखंड में आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर गांवों का आधारभूत डाटा तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. इस प्रक्रिया के तहत गांवों की सड़कों, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं का सत्यापन कर जिला जनगणना पुस्तिका में शामिल किया जाएगा.
Gopalganj News : आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत गोपालगंज सदर प्रखंड में गांवों का आधारभूत डाटा तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना पदाधिकारी ने कार्यालय आदेश जारी करते हुए जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-4 के तहत विभिन्न राजस्व गांवों के लिए कर्मियों को क्षेत्र पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया है. सभी नामित कर्मियों को 24 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
दो चरणों में पूरी की जाएगी जनगणना प्रक्रिया
जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जानी है. पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य किया जाता है, जिसके तहत प्रत्येक मकान, परिवार और वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का विवरण एकत्र किया जाता है. इस चरण का कार्य इस वर्ष 2 मई से 30 मई तक संपन्न कराया गया था.
गांवों की आधारभूत सुविधाओं का होगा सत्यापन
अब जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया के तहत प्रत्येक राजस्व गांव की आधारभूत जानकारी का सत्यापन किया जाएगा. इस दौरान गांवों में उपलब्ध सड़क, पेयजल, बिजली, शौचालय, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, डाकघर, संचार, परिवहन सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का अद्यतन विवरण तैयार किया जाएगा.
जिला जनगणना पुस्तिका में शामिल होगी जानकारी
सत्यापित की गई जानकारी को जिला जनगणना पुस्तिका में शामिल किया जाएगा. इस पुस्तिका का उपयोग विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के आवंटन तथा प्रशासनिक निर्णयों में किया जाता है. इससे विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी.
प्रशिक्षण में दी जाएगी विस्तृत जानकारी
कार्यालय आदेश के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र पदाधिकारियों को प्रपत्र भरने, अभिलेखों के सत्यापन, गांववार सूचनाओं के संकलन तथा डाटा तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. प्रशिक्षण के बाद सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित राजस्व गांवों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार कार्य करेंगे. प्रशासन का उद्देश्य जनगणना से जुड़े सभी आधारभूत आंकड़ों को समय पर, अद्यतन और त्रुटिरहित रूप में तैयार करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










